ट्रक ने बाइक सवार मौसी-भांजे को रौंदा, दोनों की मौत:बरेली में 10 मीटर दूर जाकर गिरे हाथ-पैर; भोजीपुरा से दवा लेकर लौट रहे थे
बरेली में पीलीभीत रोड पर गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मौसी-भांजे को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक दोनों को कुचलते हुए काफी दूर तक घसीटता चला गया। हादसे में 22 साल के देव पटेल और उसकी 32 साल की मौसी नीलम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इज्जतनगर थाना क्षेत्र में अहलादपुर चौकी के पास हुई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों के शरीर के अंग सड़क पर दूर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्र का पैर और महिला का हाथ करीब 10 मीटर दूर जाकर गिरा। सड़क पर शव और बाइक के टूटे हिस्से बिखर गए। हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और जाम लग गया। 2 तस्वीरें देखिए… भोजीपुरा से दवा लेकर लौट रहे थे देव पटेल इज्जतनगर के खाई खेड़ा निवासी ग्राम प्रधान वीरपाल सिंह का बेटा था। वह लोटस कॉलेज से BBA कर रहा था। गुरुवार को वह अपनी मौसी नीलम को दवा दिलाने के लिए बाइक से भोजीपुरा स्थित SRMS अस्पताल गया था। नीलम कैंट के बारीनगला की रहने वाली थीं। अस्पताल से दवा लेने के बाद दोनों डोहरा रोड स्थित आनंद विहार कॉलोनी वाले घर लौट रहे थे। अहलादपुर चौकी के पास बाईपास पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। पिता बोले- हाईवे पर भारी वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगे देव के पिता ग्राम प्रधान वीरपाल सिंह ने कहा- उनका बेटा BBA कर रहा था। सुबह वह मौसी को डॉक्टर के पास ले जाने की बात कहकर घर से निकला था। कुछ देर बाद हादसे की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि हाईवे पर भारी वाहन बेहद तेज रफ्तार में चलते हैं। जहां मुख्य क्रॉसिंग हैं, वहां ओवरब्रिज बनाए जाने चाहिए, ताकि ऐसे हादसे रोके जा सकें। दो बेटियों के सिर से उठा मां का साया नीलम के पति सुरेंद्र पटेल ने बताया कि उनकी 9 और 10 साल की दो बेटियां हैं। मां की मौत के बाद दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ मौसी-भांजे की मौत से खाई खेड़ा और बारीनगला में मातम पसरा है। सूचना पर इज्जतनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसा करने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)