तुलसी का पत्ता मुंह में डालते ही जिंदा हुई महिला:गोरखपुर में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया था, BRD में चल रहा इलाज
गोरखपुर में अंत्येष्टी के तैयारी के बीच एक महिला के जिंदा होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि डॉक्टरों ने 55 साल की ललिता को मृत घोषित कर दिया था। उसके बाद अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी बीच मुंह में तुलसी का पत्ता डालते वक्त ललिता खांसने लगी। यह देखकर सभी लोग हैरान रह गए। परिजन तत्काल उन्हें BRD मेडिकल कॉलेज लेकर गए, जहां इलाज चल रहा है। जानिए पूरा मामला… जानकारी के मुताबिक बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बेलवा दाखिली गांव की रहने वाली 56 साल की ललिता देवी पत्नी शिवमूरत यादव को एक सप्ताह से बुखार था। परिजनों के अनुसार, उनका इलाज पिड़हनी चौराहे के पास एक प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा था। मंगलवार को तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ने पर उन्हें बड़हलगंज के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने ब्रेन हैमरेज की आशंका जताते हुए उन्हें गोरखपुर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन ललिता देवी को शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। बुधवार को डॉक्टरों ने घर ले जाने को कहा उनके देवर चंद्रमौली यादव के मुताबिक, वहां इलाज के बाद बुधवार को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और घर ले जाने को कहा। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर गांव लौट आए। घर पहुंचते ही अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू हो गई। परिजनों में चीख पुकार मची थी। रिश्तेदार आने शुरू हो गए थे। लोग दुख में डूबे थे और बांस की टिकठी भी तैयार कर ली गई थी। अंत्येष्टि की तैयारी के बीच घर की महिलाएं ललिता देवी के मुंह में तुलसी जल डाल रही थीं। इसी दौरान वह अचानक खांसने लगीं। यह देखकर वहां मौजूद लोग चौंक गए। परिवार के लोगों को लगा कि उनमें हलचल हो रही है। कुछ ही देर में यह खबर गांव और आसपास के क्षेत्र में फैल गई। घर पर भीड़ जुट गई। परिवार के लोग बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए जहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, महिला की हालत और पहले मृत घोषित किए जाने की परिस्थितियों को लेकर हॉस्पिटल की ओर से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)