टूंडला में छात्राओं ने संभाली डीएम और एसएसपी की भूमिका:सुनीं फरियादियों की समस्याएं, मिशन शक्ति में दिखा बेटियों के सशक्तिकरण का उदाहरण
फिरोजाबाद। मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को टूंडला में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बालिका सशक्तीकरण की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्राओं ने प्रतीकात्मक रूप से जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की भूमिका निभाते हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी की भूमिका छात्रा दीक्षा सिसोदिया ने निभाई, जबकि एसएसपी की भूमिका पायल यादव ने संभाली। दोनों छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने को कहा। छात्राओं की इस पहल को देखकर समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों और फरियादियों ने भी उत्साह दिखाया। डीएम संतोष कुमार शर्मा, एसएसपी आदित्य लांगहे ने छात्राओं के आत्मविश्वास को बढ़ाया। कार्यक्रम में आगरा परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) शैलेश कुमार पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने दोनों छात्राओं के नेतृत्व और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझने का अवसर देते हैं। इससे समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा मिलता है। मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनमें नेतृत्व के गुण विकसित करने और उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में छात्राओं ने संदेश दिया कि अवसर मिलने पर बेटियां भी प्रशासनिक और सामाजिक जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकती हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)