त्योहार से पहले मंदिरों के आसपास सड़कें होंगी गड्ढामुक्त:नगर आयुक्त ने पैचवर्क का किया निरीक्षण,बोले-लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

Oct 05, 2026 - 19:52
0
त्योहार से पहले मंदिरों के आसपास सड़कें होंगी गड्ढामुक्त:नगर आयुक्त ने पैचवर्क का किया निरीक्षण,बोले-लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
कानपुर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए चल रहे पैचवर्क का सोमवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शास्त्री नगर में निरीक्षण किया। उन्होंने पांडु नगर पुलिया, सेंट्रल पार्क, छइया होटल चौराहा, काली मठिया, सिंधी कॉलोनी पार्क, चैन फैक्ट्री चौराहा और सार्वजनिक रामलीला स्थल का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पैचवर्क की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। खराब पैच की शिकायत मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। पांडु नगर में नाली निर्माण के दिए निर्देश निरीक्षण के दौरान पांडु नगर पुलिया और सेंट्रल पार्क के मुख्य मार्ग पर रात में किए गए पैचवर्क को देखा गया। नगर आयुक्त ने मौके पर काम को संतोषजनक पाया। छइया होटल के पास जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने पर उन्होंने जोनल अभियंता को सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण के निर्देश दिए। रामलीला से पहले हटेंगी पेड़ों की जड़ें सेंट्रल पार्क के गेट और पांडु नगर पुलिया गेट के बीच सड़क पर कई जगहों पर पेड़ों की जड़ें निकली मिलीं। नगर आयुक्त ने उद्यान विभाग के प्रभारी अधिकारी को सभी जड़ें हटाने को कहा। उन्होंने कहा कि इस मैदान में रामलीला का आयोजन होना है और इस दौरान यहां लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, इसलिए रास्ते को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए। वहीं काली मठिया मंदिर के पास पेड़ गिरा मिला। नगर आयुक्त ने तत्काल पेड़ हटाने के निर्देश दिए। चैन फैक्ट्री चौराहे से नहर तक जारी रहेगा पैचवर्क शास्त्री नगर जवाहर पार्क के पास भी सड़क के पैचवर्क का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि चैन फैक्ट्री चौराहे से नहर तक रात में पैचवर्क कराया गया है और सोमवार रात भी काम जारी रहेगा। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि सड़क की मरम्मत मानक के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से की जाए। रोजाना करीब 20 जगहों पर कराया जा रहा पैचवर्क नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि नगर निगम की ओर से सड़कों पर पैचवर्क का काम युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। जोन-6 में पिछले दिनों रात में हुए कार्यों का निरीक्षण किया गया। आगामी त्योहारों को देखते हुए मंदिरों और अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में पैचवर्क को प्राथमिकता दी जा रही है। सभी जोनों में काम चल रहा है और रोजाना करीब 20 जगहों पर पैचवर्क कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अगले 10 दिनों में अधिकतम कार्य पूरे कर लिए जाएं। नहर रोड से हटेगा कूड़ा उठान का प्वाइंट पांडु नगर नहर के पास सड़क से कूड़ा उठाकर कॉम्पैक्टर में डालने का प्वाइंट बना हुआ है। इसे हटाने के लिए जनप्रतिनिधियों की ओर से कई बार पत्र दिए जा चुके हैं। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने शास्त्री नगर वार्ड में नया जीवीपी (गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट) चिन्हित करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य नहर रोड से कूड़ा उठान के प्वाइंट को हटाकर यातायात व्यवस्था को बेहतर करना है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद विनोद कुमार, सहायक अभियंता तोता राम, जोनल स्वच्छता अधिकारी विजय शंकर शुक्ला समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User