त्योहारी सीजन से पहले ट्रैफिक पुलिस का एक्शन प्लान:अब्दुल्लापुर रोड पर चलाया अभियान, सफेद लाइन के बाहर सामान मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी
मेरठ में त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सड़कों पर सक्रियता बढ़ा दी है। गुरुवार शाम करीब छह बजे सीओ ट्रैफिक अजय यादव के नेतृत्व में टीम ने जेलचुंगी चौराहे से अब्दुल्लापुर की ओर जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस टीम को सड़क पर देखकर दुकानदारों और अतिक्रमण करने वालों में खलबली मच गई। कार्रवाई की भनक लगते ही कई लोगों ने सड़क पर रखा अपना सामान खुद ही समेटना शुरू कर दिया। सीओ के नेतृत्व में करीब एक घंटे तक चले अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने सड़क के दोनों ओर दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया। टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क पर निर्धारित सीमा से बाहर किसी भी तरह का सामान न रखा जाए। ट्रैफिक पुलिस ने पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए भी लगातार लोगों को चेताया। यहां सर्वाधिक अतिक्रमण सब्जी व फल विक्रेताओं के द्वारा किया गया था, जिन्हें ट्रैफिक पुलिस ने खूब हड़काया। सफेद लाइन बनी अतिक्रमण की सीमा
सीओ ट्रैफिक अजय यादव ने स्पष्ट किया कि सड़क के दोनों ओर बनी सफेद लाइन के आगे किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों को इसी सीमा के भीतर अपना सामान रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर सामान फैलाने से वाहनों के लिए उपलब्ध जगह कम होती है और यातायात प्रभावित होता है। भीड़भाड़ बढ़ने पर यही अतिक्रमण जाम का कारण बनता है और हादसे का खतरा भी बढ़ जाता है। अगली बार चेतावनी नहीं, होगी कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने अतिक्रमण करने वालों को साफ कर दिया कि अगली बार केवल चेतावनी देकर नहीं छोड़ा जाएगा। सड़क पर मिला सामान जब्त किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस की इस चेतावनी के बाद दुकानदारों ने सड़क की सीमा के भीतर सामान रखने की बात कही। त्योहारी बाजारों में जाम रोकने की तैयारी
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ बाजारों और प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा। खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के बाजारों में पहुंचने से पहले ही अतिक्रमण को नियंत्रित करने की कवायद शुरू कर दी गई है। सीओ का कहना है कि सड़कों और बाजारों को जाममुक्त रखना प्राथमिकता में है। इसके लिए ऐसे मार्गों को चिह्नित कर अभियान चलाया जाएगा, जहां अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है। आगे भी अभियान जारी रहेगा
अभियान में ट्रैफिक इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह और लालसा पांडेय के अलावा जेलचुंगी चौकी इंचार्ज कौशलेंद्र कुमार समेत सिविल लाइन थाना और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौजूद रही। करीब एक घंटे तक कार्रवाई के बाद टीम वापस लौट गई। पुलिस ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)