उन्नाव के 100 से ज्यादा गांवों में बिजली गुल:बारिश और तेज हवा से टूटे पोल, कई जगह गिरे पेड़, मरम्मत में जुटे कर्मचारी
उन्नाव। जिले में शुक्रवार शाम से रविवार दोपहर तक हुई लगातार बारिश और तेज हवाओं ने विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। जिले के अलग-अलग विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े 100 से अधिक गांवों में 48 से 72 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई स्थानों पर पेड़ बिजली के पोल पर गिरने से तार टूट गए, जबकि आधा दर्जन से अधिक पोल क्षतिग्रस्त बताए जा रहे हैं। लगातार बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंजमुरादाबाद ब्लॉक क्षेत्र के बहलोलपुर, तातियापुर, देवखरी, पचलाई और सहसराय सहित करीब 10 से 15 गांवों की बिजली आपूर्ति तीन दिनों से ठप है। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में बारिश और तेज हवा के दौरान कई विद्युत पोल टूट गए। आधा दर्जन से अधिक पोल क्षतिग्रस्त होने से विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। बिजली न आने से घरों में पानी की व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग समेत रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। बिछिया क्षेत्र में भी तीन दिन से आपूर्ति बंद बिछिया ब्लॉक क्षेत्र के बजरहा खेड़ा, नदौली, दुआ, इब्राहिम बाग सहित अन्य गांवों में भी तीन दिन से बिजली आपूर्ति बाधित है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के बीच बिजली नहीं आने से परेशानी और बढ़ गई है। कई गांवों में लोग वैकल्पिक साधनों से जरूरी काम निपटाने को मजबूर हैं। बांगरमऊ के गांवों में भी अंधेरा बांगरमऊ ब्लॉक क्षेत्र के सुरसेनी, भढ़ियापुर, आसत, नेवलापुर और मुस्तफाबाद सहित करीब 10 से 15 गांवों की विद्युत आपूर्ति करीब तीन दिनों से बंद है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। रसूलाबाद फीडर पर पेड़ गिरने से टूटा तार मियागंज उपखंड कार्यालय से रसूलाबाद फीडर की ओर जाने वाली विद्युत लाइन के पोल पर पेड़ गिरने से तार टूट गए। इसके बाद अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। कर्मचारियों की टीम क्षतिग्रस्त लाइन और पोल को दुरुस्त करने में जुटी है। हसनगंज के 50 गांवों में आपूर्ति प्रभावित
हसनगंज सब स्टेशन के हसनापुर फीडर, नई सराय फीडर और मौला फीडर से जुड़े करीब 50 गांवों में विद्युत आपूर्ति अभी बहाल नहीं हो सकी है। विद्युत कर्मियों के अनुसार बारिश और तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली के पोल पर पेड़ गिर गए, जिससे तार टूट गए और आपूर्ति बाधित हो गई। एरा भदियार से जुड़े 40 गांव प्रभावित
एरा भदियार सब स्टेशन से जुड़े करीब 40 गांवों में पिछले 48 घंटे से बिजली आपूर्ति बंद है। विद्युत विभाग के एसी अमिय सिंह ने बताया कि जहां लाइन टूटने और फाल्ट की समस्या सामने आई है, वहां लाइनमैनों को भेजकर मरम्मत का काम कराया जा रहा है। उनका कहना है कि क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त कर जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)