उन्नाव में आईटी हब से युवाओं को रोजगार मिलेगा:विधायक पंकज गुप्ता बोले- चार-पांच साल में जिले की तस्वीर बदलेगी

Oct 18, 2026 - 15:55
0
उन्नाव में आईटी हब से युवाओं को रोजगार मिलेगा:विधायक पंकज गुप्ता बोले- चार-पांच साल में जिले की तस्वीर बदलेगी
उन्नाव में करीब चार हजार करोड़ रुपये की लागत से आईटी हब विकसित करने की योजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। आने वाले चार से पांच वर्षों में उन्नाव की तस्वीर बदली हुई नजर आएगी। यह बात सदर विधायक पंकज गुप्ता ने रविवार को दोपहर तीन बजे जिले में प्रस्तावित विकास परियोजनाओं, औद्योगिक निवेश और जर्जर सड़कों की स्थिति पर चर्चा के दौरान कही। विधायक ने आईटी हब की सौगात के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस परियोजना से जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी। आईटी क्षेत्र में निवेश आने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। एससीआर, मोनो रेल और रैपिड रेल परियोजनाओं का किया जिक्र पंकज गुप्ता ने कहा कि पिछले छह महीने से मुख्यमंत्री का ध्यान उन्नाव के विभिन्न क्षेत्रों के विकास पर है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्नाव को एससीआर में शामिल करने की घोषणा की थी। इसके साथ ही मोनो रेल, रैपिड रेल और कानपुर की स्मार्ट सिटी से जुड़ी ट्रेन को उन्नाव तक लाने की अनुमति का भी उन्होंने उल्लेख किया। विधायक के मुताबिक, जिले में एक्सप्रेसवे, रिंग रोड और औद्योगिक गलियारों जैसी परियोजनाओं पर काम हो रहा है। इन परियोजनाओं से बेहतर कनेक्टिविटी विकसित होने के साथ नए उद्योगों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश की प्रक्रिया में कागजी औपचारिकताएं पूरी करने में समय लगता है, लेकिन कई उद्योगों में काम शुरू हो चुका है। ट्रांस गंगा सिटी में दिखने लगा विकास औद्योगिक क्षेत्रों में बड़े निवेश के बावजूद विकास कार्यों की गति धीमी होने के सवाल पर विधायक ने ट्रांस गंगा सिटी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां विकास कार्य दिखाई देने लगे हैं। गंगा पर कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए दो पुलों की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा गंगा एक्सप्रेसवे और अन्य एक्सप्रेसवे के आसपास औद्योगिक गलियारों को विकसित करने की योजना है, जिसके तहत उद्योगों को निवेश के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। पंकज गुप्ता ने दावा किया कि कुछ औद्योगिक इकाइयों में तेजी से काम शुरू हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले चार से पांच वर्षों में जिले में औद्योगिक गतिविधियों और विकास परियोजनाओं का असर दिखाई देने लगेगा। गांधीनगर से गदनखेड़ा तक सड़क का होगा नवीनीकरण गांधीनगर चौराहे से गदनखेड़ा तक जर्जर सड़क और जगह-जगह गड्ढों के कारण लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठने पर विधायक ने मार्ग की खराब स्थिति को स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि सड़क पर डिवाइडर और ग्रिल लगाने का काम आवास विभाग की ओर से कराया गया था, जिसके कारण मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया। विधायक ने कहा कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से बातचीत हुई है। जल्द ही सड़क का नवीनीकरण कराया जाएगा, जिससे लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके। उन्होंने मार्ग को सुगम और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाने का भरोसा दिया। अब स्थानीय लोगों को सड़क की मरम्मत का काम शुरू होने का इंतजार है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User