उन्नाव में आशा कार्यकर्ताओं का आंदोलन:CHC प्रभारी को सौंपा ज्ञापन; 8 को लखनऊ में प्रदर्शन
उन्नाव के नवाबगंज में मानदेय और प्रोत्साहन राशि सहित अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ता अब आंदोलन की राह पर हैं। आगामी 8 अक्टूबर को लखनऊ के ईको गार्डन में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए नवाबगंज ब्लॉक की सौ से अधिक आशा बहुओं और आशा संगिनियों ने सीएचसी (CHC) प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा है। आशा बहु कल्याण समिति (उप्र) के बैनर तले दिए गए ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को धरातल पर उतारने में अहम भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद मानदेय और प्रोत्साहन राशि से जुड़ी उनकी समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। कई बार मांग करने के बाद भी समाधान न होने के कारण आशा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। संगठन ने बताया कि 8 अक्टूबर को लखनऊ के ईको गार्डन में होने वाले शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन में प्रदेशभर की आशा कार्यकत्रियां अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करेंगी। इसी क्रम में नवाबगंज क्षेत्र की कार्यकर्ताओं ने सीएचसी प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर लखनऊ जाने की अनुमति मांगी है, ताकि वे शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से अपना पक्ष रख सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)