उन्नाव में भारी बारिश की चेतावनी:कक्षा 1-8 तक स्कूल बंद, शिक्षक-कर्मचारी आएंगे, विभागीय काम जारी रहेगा
उन्नाव में मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बाद शनिवार, 26 सितंबर को कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने शुक्रवार शाम यह आदेश जारी किया। यह अवकाश जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश पांडे ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि, अवकाश के दौरान शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। सभी शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक तय समय पर स्कूल पहुंचकर विभागीय काम निपटाएंगे। उन्हें एसएमजी खाते खुलवाने, ईको क्लब, यू-डाइस, सेवा संकल्प अभियान और स्वच्छ विद्यालय हरित विद्यालय से जुड़े कई जरूरी काम पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। अधिकारियों को विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति तथा विभागीय कार्यों की निगरानी करने को कहा गया है। बारिश के दौरान विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो और मौसम की स्थिति को देखते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित रहे, इसी के मद्देनजर यह अवकाश घोषित किया गया है। मौसम की स्थिति के अनुसार आगे भी प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)