उन्नाव में मिशन शक्ति के तहत छात्र-छात्राओं को किया जागरूक:स्कूल-कॉलेजों में साइबर सुरक्षा, महिला अधिकारों और करियर चयन पर दी जानकारी
उन्नाव में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत गुरुवार को जिले के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों और थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी की पहचान, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, महिला सुरक्षा और करियर चयन के बारे में जानकारी दी गई। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के साइबर क्राइम सलाहकार रक्षित टंडन के ऑनलाइन कार्यक्रम का किंगसन इंटर कॉलेज और सेंट लॉरेंस कॉलेज में प्रसारण किया गया। वहीं, पुलिस की मिशन शक्ति टीमों ने बारासगवर और अजगैन क्षेत्र में भी जागरूकता अभियान चलाया। किंगसन इंटर कॉलेज में सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित ऑनलाइन कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों और डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए गए। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अहमद मोहनिस रिजवी के साथ साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से बचने की सलाह सेंट लॉरेंस कॉलेज में आयोजित लाइव कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया गया। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिला सुरक्षा के लिए 1090, आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में बताया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के फादर एलाइज़ काटूजा सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। महिला सुरक्षा और अधिकारों की दी जानकारी थाना बारासगवर की मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया। उन्हें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और स्वास्थ्य आपातकालीन सेवा 108 की जानकारी दी गई। पुलिस ने महिलाओं को किसी भी समस्या के समय बिना संकोच सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। करियर चयन के बताए तरीके थाना अजगैन पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज चमरौली में करियर गाइडेंस, काउंसलिंग और साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। छात्र-छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित करने और शिक्षा, पुलिस, बैंकिंग तथा तकनीकी क्षेत्रों में करियर बनाने के अवसरों की जानकारी दी गई। छात्राओं को महिला सुरक्षा संबंधी अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया गया। पुलिस का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को जागरूक बनाना, साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सतर्क करना और सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)