उन्नाव में पांच थानों में दंपत्तियों की काउंसलिंग:महिलाओं को साड़ी और मां दुर्गा की प्रतिमा देकर किया सम्मानित
उन्नाव में परिवार में छोटी-छोटी बातों पर होने वाले विवाद कई बार पति-पत्नी के रिश्तों में दूरियां बढ़ा देते हैं। ऐसे में संवाद और समझाइश की पहल टूटते रिश्तों को फिर जोड़ने में मददगार बन सकती है। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के छठे दिवस पर शुक्रवार को जिले के पांच थानों में पुलिस ने इसी दिशा में पहल की। असोहा, अजगैन, सोहरामऊ, बिहार और गंगाघाट में दंपत्तियों और परिवारों से संवाद किया गया। कहीं पहले सुलह के बाद साथ रह रहे दंपत्तियों से उनके अनुभव जाने गए, तो कहीं काउंसलिंग के जरिए विवाद सुलझाए गए। अजगैन में 11 दंपत्तियों से जाना हाल अजगैन थाने के परिवार परामर्श केंद्र में पहले सुलह-समझौते के बाद साथ रहने लगे 11 दंपत्तियों को बुलाया गया। पुलिस टीम ने उनके वैवाहिक जीवन, आपसी सामंजस्य और पारिवारिक माहौल के बारे में जानकारी ली। दंपत्तियों ने पुलिस की मध्यस्थता और परामर्श पर संतुष्टि जताई। उन्होंने बताया कि परामर्श के बाद उनके संबंधों में सकारात्मक बदलाव आया है और वे आपसी प्रेम, विश्वास व सौहार्द के साथ जीवन बिता रहे हैं। पुलिस ने उन्हें भविष्य में किसी भी परेशानी पर संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। सोहरामऊ और गंगाघाट में बातचीत से सुलझाए विवाद सोहरामऊ थाने में मिशन शक्ति टीम ने पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद में दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनी। काउंसलिंग के दौरान उन्हें आपसी संवाद, विश्वास और पारिवारिक सामंजस्य बनाए रखने की सलाह दी गई। पुलिस के प्रयासों से दोनों के बीच सहमति बनी और उन्होंने भविष्य में प्रेम, सम्मान व सहयोग के साथ वैवाहिक जीवन बिताने पर सहमति जताई। गंगाघाट थाने की महिला हेल्प डेस्क पर भी पति-पत्नी के विवाद को बातचीत और समझाइश के जरिए सुलझाया गया। दोनों पक्षों की समस्याएं सुनने के बाद आपसी सहमति से विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया गया। पुलिस ने परिवार में सुख-शांति बनाए रखने और एक-दूसरे के प्रति सम्मान का भाव रखने की सलाह दी। बिहार में दंपत्तियों को साड़ी और मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट की बिहार थाने के परिवार परामर्श केंद्र में पहले सुलह के बाद साथ रहने लगे दंपत्तियों को बुलाकर सम्मानित किया गया। उन्हें साड़ी और मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट की गई। पुलिस ने उनके पारिवारिक जीवन और आपसी तालमेल का फीडबैक लिया। दंपत्तियों ने पुलिस के परामर्श और सहयोग पर संतोष जताया। असोहा में परिवारों का सम्मान, हेल्पलाइन की जानकारी दी असोहा थाने में विभिन्न परिवारों की काउंसलिंग कर पुलिस की सेवाओं और महिला सुरक्षा के प्रयासों पर फीडबैक लिया गया। परिवारों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। सभी पांच थानों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान महिला पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)