उन्नाव में पानी के रिसाव से रेलवे अंडरपास बंद:राहगीरों की बढ़ी परेशानी, सुरक्षा के लिए रास्ता बंद
उन्नाव में कानपुर-बालामऊ रेलवे मार्ग पर सुगम आवागमन के लिए बनाया गया मिट्ठूखेड़ा रेलवे अंडरपास अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। अंडरपास के नीचे से लगातार पानी का रिसाव होने के कारण उत्तर रेलवे ने यहां से शुक्रवार को आवागमन बंद कर दिया है। रेलवे की ओर से किसी तरह की अनहोनी रोकने के लिए अंडरपास के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर सूचना बोर्ड और STOP बोर्ड लगाया गया है। मामला कानपुर-बालामऊ रेलमार्ग के LHS-31 का है। बताया जा रहा है कि अंडरपास में नीचे से पानी का रिसाव होने के कारण जलभराव की स्थिति बन रही थी। इससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया था। स्थिति को देखते हुए रेलवे ने फिलहाल अंडरपास को बंद कर दिया। रेलवे की ओर से अंडरपास के प्रवेश मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाई गई है। साथ ही लोगों को रोकने के लिए सूचना बोर्ड लगाया गया है। बैरिकेडिंग हटाकर रास्ते से निकलने का प्रयास अंडरपास के ऊपर गिट्टी भरकर बोरियां भी लगाई गई हैं, ताकि लोग बैरिकेडिंग हटाकर रास्ते से निकलने का प्रयास न करें। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास में पानी भरने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उनके अनुसार, क्षेत्र का वाटर लेवल नीचे होने के कारण नीचे से पानी रिसकर अंडरपास में जमा हो जाता है। बारिश के दौरान समस्या और बढ़ जाती है। इससे अंडरपास से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस अंडरपास को आवागमन सुगम बनाने के लिए तैयार किया गया था, वही अब पानी भरने के कारण परेशानी का कारण बन रहा है। वैकल्पिक मार्ग का सहारा रेलवे की ओर से फिलहाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवागमन रोक दिया गया है। अंडरपास बंद होने से आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है। रेलवे द्वारा लगाए गए सूचना बोर्ड में लोगों को अंडरपास की ओर न जाने की हिदायत दी गई है। स्थानीय लोगों ने पानी रिसाव की समस्या का स्थायी समाधान कराकर अंडरपास को दोबारा आवागमन के लिए खोलने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)