UPBoard में 9वीं-11वीं के अग्रिम पंजीकरण की आज अंतिम तारीख:10वीं-12वीं का परीक्षा डेटा भी रात 12 बजे तक ही होगा अपलोड
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की ओर से कक्षा 9 और 11 के अग्रिम पंजीकरण तथा वर्ष 2027 की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए छात्रों का शैक्षिक विवरण ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तारीख आज 30 सितंबर है। स्कूलों के प्रधानाचार्यों को बुधवार रात 12 बजे तक पंजीकरण शुल्क की सूचना और छात्रों का शैक्षिक विवरण परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। इसके बाद अलग-अलग कक्षाओं के लिए छात्रों के विवरण की जांच और संशोधन की प्रक्रिया शुरू होगी। 9वीं-11वीं के पंजीकरण के लिए 36 दिन का अतिरिक्त समय कक्षा 9 और 11 के अग्रिम पंजीकरण के लिए पहले ऑनलाइन शुल्क सूचना और छात्रों का शैक्षिक विवरण अपलोड करने की अंतिम तारीख 25 अगस्त 2026 थी। परिषद ने संशोधित कार्यक्रम जारी कर इसे 30 सितंबर 2026 कर दिया। यानी स्कूलों को पंजीकरण पूरा करने के लिए 36 दिन का अतिरिक्त समय दिया गया। इसके साथ छात्रों के विवरण की जांच और संशोधन की तारीख भी आगे बढ़ाई गई है। 1 से 4 अक्टूबर तक होगी विवरण की जांच कक्षा 9 और 11 के छात्रों का ऑनलाइन विवरण अपलोड होने के बाद स्कूल प्रधानाचार्य 1 से 4 अक्टूबर तक चेकलिस्ट प्राप्त कर छात्रों के नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय और फोटो समेत अन्य विवरणों की जांच करेंगे। इस अवधि में वेबसाइट पर किसी भी प्रकार का अपडेट नहीं किया जा सकेगा। जांच के दौरान किसी छात्र के विवरण में गलती मिलने पर 5 से 8 अक्टूबर की रात 12 बजे तक संशोधन किया जा सकेगा। परिषद ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में नए छात्र का विवरण अपलोड या स्वीकार नहीं किया जाएगा। केवल पहले से अपलोड किए गए विवरण में संशोधन की अनुमति होगी। 10वीं-12वीं के लिए भी आज अंतिम मौका वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के संस्थागत छात्रों का परीक्षा शुल्क विवरण और शैक्षिक विवरण ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तारीख भी 30 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे है। इसकी पहले निर्धारित अंतिम तारीख 16 अगस्त 2026 थी, जिसे संशोधित कर 30 सितंबर किया गया है। इसके बाद स्कूलों को 1 से 6 अक्टूबर तक अपलोड किए गए छात्रों के विवरण की जांच के बाद आवश्यक संशोधन करने का मौका मिलेगा। इस अवधि में भी नए छात्र का विवरण अपलोड नहीं किया जा सकेगा। केवल पहले से दर्ज विवरण में संशोधन स्वीकार किया जाएगा। 15 अक्टूबर तक DIOS कार्यालय में जमा होंगे दस्तावेज कक्षा 9 और 11 के पंजीकृत छात्रों की फोटोयुक्त नामावली और संबंधित कोषपत्र की प्रति क्षेत्रीय कार्यालय भेजने के लिए 15 अक्टूबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय में जमा करनी होगी। इसी तरह वर्ष 2027 की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा के पंजीकृत छात्रों की फोटोयुक्त नामावली और संबंधित दस्तावेज भी 15 अक्टूबर तक जमा करने होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)