उत्तर मध्य रेलवे ने 12,246 गंदी जगहों की सफाई की:15 दिन में 4770 कार्यक्रम, 55 हजार लोग जुड़े, 2 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य
प्रयागराज उत्तर मध्य रेलवे में 17 सितंबर से चल रहे स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 का शुक्रवार को समापन हो गया। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सूबेदारगंज स्थित उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में स्वच्छ भारत दिवस मनाया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने महापुरुषों को श्रद्धांजलि देने के साथ स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली। पखवाड़े के दौरान रेलवे ने 12,246 से अधिक गंदे स्थानों की सफाई कर उनका कायाकल्प किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक राजकुमार वानखेड़े मौजूद रहे। प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी ने उन्हें पौधा भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। रेलवे बोर्ड की ओर से पखवाड़े के दौरान 3500 गंदे स्थानों की सफाई का लक्ष्य दिया गया था। इसके मुकाबले उत्तर मध्य रेलवे ने 14,837 ऐसे स्थानों की पहचान की। इनमें से 12,246 से अधिक स्थानों की सफाई कराई गई। पूरे अभियान के दौरान कुल 4770 कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वच्छता अभियान में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 837 कार्यक्रम हुए। इनमें करीब 55 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। वहीं, युवाओं और बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए 555 स्वच्छता पाठशालाएं आयोजित की गईं। सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और कल्याण के लिए 116 विशेष शिविर लगाए गए। इसके अलावा स्वच्छता से समृद्धि थीम पर 284 और 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर 124 विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। दो करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य उत्तर मध्य रेलवे पर्यावरण संरक्षण के लिए भी अभियान चला रहा है। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में शुक्रवार को मुख्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। रेलवे ने वित्त वर्ष 2026-27 में दो करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पूरे पखवाड़े और समापन समारोह का आयोजन पर्यावरण अनुभाग ने मनीष कुमार के नेतृत्व में किया। रेलवे अधिकारियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को आगे भी जारी रखने पर जोर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)