वैध मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप:मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ अधिवक्ता संघ का प्रदर्शन, SDM सौंपा ज्ञापन
गाजीपुर में अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग अधिवक्ता संघ ने बुधवार 12 बजे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय सचिव धर्म चंद्र यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने राइफल क्लब पहुंचकर एसडीएम विनोद जोशी को ज्ञापन सौंपा। इसे जिला प्रशासन के जरिए राज्यपाल को भेजा गया। धर्म चंद्र यादव ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के मुख्य निर्वाचन आयुक्त बनने के बाद नए मतदाताओं को जोड़ने की बजाय पुराने मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में कई गड़बड़ियों का आरोप लगाया। उनका कहना था कि वैध मतदाताओं के वोट देने के अधिकार को प्रभावित करना लोकतंत्र के लिए गंभीर बात है। ज्ञापन में संगठन ने 2024 के लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की संख्या कम होने का हवाला दिया। उन्होंने मतदाता सूची बनाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। पदाधिकारियों ने निर्वाचन आयोग से इस मामले की जांच कराने और वोट देने के अधिकार पर असर पड़ने वाली शिकायतों पर तुरंत ध्यान देने की मांग की। प्रदर्शन में संगठन के पदाधिकारी और अधिवक्ता मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)