वाराणसी के अपर पुलिस आयुक्त किरिट हरिभाई राठौड़ बने:2010 बैच के IPS अधिकारी हैं, लखनऊ में DIG PAC पद पर तैनात थे
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस आयुक्त के पद पर 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी किरिट हरिभाई राठौड़ की नियुक्ति की गई है। वह अभी लखनऊ में डीआईजी, पीएसी सेक्टर के पद पर तैनात हैं। राठौड़ ने सिविल इंजीनियरिंग में बीई और ट्रांसपोर्टेशन इंजीनियरिंग में एमई की डिग्री हासिल की है। 2010 में IPS सेवा में हुए शामिल किरिट कुमार हरिभाई राठौड़ उत्तर प्रदेश कैडर के 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, उनकी भर्ती 20 दिसंबर 2010 को हुई थी। उनका गृह स्थान गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में दर्ज है। वह 1 जनवरी 2024 को डीआईजी रैंक पर पदोन्नत हुए थे। पीलीभीत के SP से PAC सेक्टर तक संभाली जिम्मेदारी राठौड़ इससे पहले पुलिस अधीक्षक, पीलीभीत के पद पर तैनात रहे हैं। मार्च 2021 में हुए आईपीएस अधिकारियों के फेरबदल में उन्हें पीलीभीत का एसपी बनाया गया था। इसके बाद जुलाई 2023 में उन्हें लखनऊ में पीएसी की 35वीं वाहिनी का सेनानायक नियुक्त किया गया। उस समय वह पुलिस मुख्यालय में एसपी, क्राइम के पद पर कार्यरत थे। उत्तर प्रदेश पुलिस के आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, 30 जनवरी 2024 से उनकी तैनाती लखनऊ में डीआईजी, पीएसी सेक्टर के पद पर दर्ज है। उन्हें 2023 में पुलिस महानिदेशक की ओर से सिल्वर और गोल्ड प्रशंसा डिस्क भी मिली थी। साइबर ठगी की कोशिश का मामला भी आया था सामने सितंबर 2025 में राठौड़ उस समय चर्चा में आए थे, जब एक साइबर ठग ने उनके सरकारी सीयूजी नंबर पर फोन कर खुद को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम थाने का पुलिस अधिकारी बताया था। रिपोर्ट के अनुसार, कॉलर ने उनके नंबर से आतंकियों से बातचीत किए जाने का आरोप लगाकर डराने की कोशिश की। राठौड़ ने इसे साइबर ठगी की कोशिश समझते हुए लखनऊ के महानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)