वाराणसी में चाइनीज मांझे से मौत के बाद सपा आक्रोशित:जिला मुख्यालय पर सपा ने दिया पूर्ण बंदी के लिए ज्ञापन, युवजन सभा के प्रदेश सचिव बोले - फैक्टियों पर लगे रोक

Oct 12, 2026 - 13:55
0
वाराणसी में चाइनीज मांझे से मौत के बाद सपा आक्रोशित:जिला मुख्यालय पर सपा ने दिया पूर्ण बंदी के लिए ज्ञापन, युवजन सभा के प्रदेश सचिव बोले - फैक्टियों पर लगे रोक
वाराणसी में 'राक्षस रूपी' चाइनीज मांझे का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में एक बार फिर प्रतिबंधित चीनी मांझे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। ताजा मामला चौखंभा इलाके का है। जहां सुनील गुजराती नाम के एक व्यक्ति की चीनी मांझे से गला कटने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश है। वहीं प्रदेश के सबसे बड़े विपक्ष समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार हो रहे इन हादसों के बावजूद अधिकारी गहरी नींद में सोए हुए हैं। अधिकारी नींद से जागें, हर साल जा रही जान सपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव किशन दीक्षित ने बताया - हम लोगों ने पिछले साल भी इस कातिल और राक्षस रूपी चाइनीज मांझे के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन चलाया था। उस दौरान भी हमने प्रशासन को चेतावनी दी थी, लेकिन शासन और प्रशासन की नींद नहीं खुली। अधिकारियों की इसी लापरवाही का नतीजा है कि कल फिर चौखंभा के रहने वाले सुनील गुजराती की मांझे से गला कटने के कारण मौत हो गई। प्रशासन नहीं उठा रहा सख्त कदम उन्होंने आगे कहा कि यह समस्या सिर्फ वाराणसी तक सीमित नहीं है। अभी दो-तीन दिन पहले ही गोरखपुर में भी कन्नौजिया उपनाम के एक व्यक्ति की इसी चाइनीज मांझे की चपेट में आने से मौत हो गई थी। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लगातार इस तरह की दुखद खबरें आ रही हैं, लेकिन प्रशासन सख्त कदम उठाने के बजाय हाथ पर हाथ धरे बैठा है। सप्लायरों पर लगे रोक सपा नेता किशन दीक्षित ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे 'खानापूर्ति' करार दिया। उन्होंने कहा कि जब भी कोई बड़ा हादसा होता है, तो पुलिस केवल दिखावे के लिए छोटे-छोटे फुटपाथ दुकानदारों और नैनो सप्लायरों (छोटे विक्रेताओं) को पकड़कर अपनी पीठ थपथपा लेती है। उन्होंने सवाल उठाया, "छोटे दुकानदारों को परेशान करने से क्या होगा? असली समस्या की जड़ तो वह जगह है। जहां इसकी मैन्युफैक्चरिंग हो रही है या जहां से यह शहर के भीतर सप्लाई किया जा रहा है। सरकार और प्रशासन से हमारी मांग है कि चाइनीज मांझे पर तत्काल प्रभाव से पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाए और इसके बड़े तस्करों पर कार्रवाई हो। आज तक नहीं हुई सख्त कार्रवाई सरकार ने इस खतरनाक मांझे के इस्तेमाल पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की बात कही थी । सपा नेता किशन दीक्षित ने तंज कसते हुए कहा कि धरातल पर ऐसा कुछ भी नहीं दिख रहा है। प्रशासन पूरे प्रदेश में एक भी ऐसा मामला दिखा दे जहां चाइनीज मांझा बेचने या उससे किसी की मौत होने पर किसी बड़े दोषी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया हो। कानून सिर्फ कागजों पर सिमट कर रह गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User