वाराणसी में गंगा के ऊपर गरजेंगे फाइटर प्लेन:84 घाटों पर बैरिकेडिंग शुरू,सीएम योगी ने ट्रैफिक प्लान नए सिरे से बनाने का दिया निर्देश
काशी में पहली बार गंगा की लहरों के ऊपर आसमान में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों का रोमांच देखने को मिलेगा। 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो की तैयारियां तेज हो गई हैं। भारतीय वायुसेना के विमान गंगा के ऊपर आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। आयोजन को भव्य बनाने के लिए एयरफोर्स, जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभाग जुटे हुए हैं। गंगा के 84 घाटों पर बैरिकेडिंग की जा रही है। वहीं, जलस्तर घटने से खाली हुए घाटों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए छोटे कैंप स्थापित किए जा रहे हैं। एयर शो को लेकर रोजाना उच्चाधिकारियों की ओर से तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हालांकि, अभी तक एयर शो के समय की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। एयरपोर्ट पर चल रही तैयारियों के आधार पर दोपहर एक से तीन बजे के बीच आयोजन होने की संभावना जताई जा रही है। 20 और 21 अक्टूबर को अभ्यास करेंगे विमान एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, एयर शो से पहले 20 और 21 अक्टूबर को विमानों का अभ्यास कराया जाएगा। इसके बाद 22, 23 और 25 अक्टूबर को शो के दौरान विमान अपने करतब दिखाएंगे। अभ्यास और आयोजन के लिए करीब 20 विमानों को बाबतपुर एयरपोर्ट पर पार्क करने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए अलग बे बनाया गया है। एयरपोर्ट पर विमानों में ईंधन भरने की व्यवस्था भी की जाएगी। 25 अक्टूबर के मुख्य समारोह में पीएम मोदी के आने की संभावना 25 अक्टूबर को होने वाले मुख्य और भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। हालांकि, दोनों के आगमन को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चार किलोमीटर दूर वाहन रोकने के प्लान पर सीएम योगी ने उठाए सवाल एयर शो में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यातायात व्यवस्था की नए सिरे से कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है। सर्किट हाउस में बुधवार को समीक्षा बैठक के बाद गुरुवार को भी उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को ट्रैफिक प्लान को लेकर निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने शहर के बाहर से आने वाले वाहनों को प्रवेश देने और एयर शो देखने पहुंचने वाले लोगों को घाटों तक आसानी से पहुंचाने का रोडमैप तैयार करने को कहा। उन्होंने मौजूदा ट्रैफिक प्लान पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि आगंतुकों को शहर से चार किलोमीटर दूर ही रोक दिया जाएगा तो उन्हें घाटों तक पहुंचने में काफी परेशानी होगी। सीएम ने खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की सुविधा का ध्यान रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि काशी में पहली बार एयर शो का आयोजन होने जा रहा है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस आयोजन को देख सकें और उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)