वाराणसी में कन्या पूजन में बांटे गए पौधे:अष्टमी कार्यक्रम में पर्यावरण का दिया संदेश, स्वच्छता संग प्लास्टिक मुक्ति की अपील
वाराणसी में शारदीय नवरात्रि की अष्टमी पर रविवार को नमामि गंगे की ओर से कन्या पूजन के दौरान बालिकाओं को पौधे उपहार में दिए गए। अमर शहीद संतोष कुमार कपूरिया युवा सांस्कृतिक समिति, गढ़वासी टोला के दुर्गा पूजा पंडाल में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में कन्याओं ने लोगों से पेड़-पौधों का संरक्षण करने, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और बाजार जाते समय कपड़े या जूट के थैले अपनाने की अपील की। साथ ही कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। राजेश शुक्ला ने कहा कि कन्याओं को खिलौनों या प्लास्टिक की वस्तुओं के बजाय पौधे देकर बचपन से ही प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया है। पौधे बड़े होकर पर्यावरण को स्वच्छ हवा और छाया प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में विजय कपूरिया, रामेश्वर कपूरिया, पूनम शुक्ला, विनय कपूरिया, सूर्यांशु शुक्ला और दुर्गा स्वरूपा कन्याएं शामिल रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)