वाराणसी में मौसम सामान्य, घट रहा गंगा का जलस्तर:नाविकों को संचालन शुरू होने का इंतजार,असि घाट पर पहुंच रहे पर्यटक

Oct 04, 2026 - 08:30
0
वाराणसी में मौसम सामान्य, घट रहा गंगा का जलस्तर:नाविकों को संचालन शुरू होने का इंतजार,असि घाट पर पहुंच रहे पर्यटक
वाराणसी में मानसून के समापन के साथ मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल रहा है। रविवार सुबह शहर का तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा की रफ्तार लगभग 8 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि वातावरण में नमी 72 प्रतिशत के आसपास बनी हुई है। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 133 दर्ज किया गया, जो वायु गुणवत्ता के लिहाज से संतोषजनक स्थिति में नहीं है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून ऋतु समाप्त होने के बाद अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हालांकि अगले 10 से 15 दिनों के बाद मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत हैं। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास शुरू हो सकता है। ग्रामीण और खुले इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा भी दिखाई देने की संभावना जताई गई है। तेजी से घट रहा गंगा का जलस्तर दूसरी ओर, वाराणसी में गंगा के जलस्तर में तेजी से कमी आने लगी है। पानी अब कई घाटों की सीढ़ियों के नीचे तक पहुंच गया है। जलस्तर घटने से तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। पिछले कई दिनों से बाढ़ की स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जलस्तर घटने के बाद घाटों पर गतिविधियां भी धीरे-धीरे सामान्य होने लगी हैं। घाट किनारे दुकान लगाने वाले कारोबारी अब दोबारा अपनी दुकानें लगाने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि अभी भी 84 घाटों का आपसी संपर्क पूरी तरह बहाल नहीं हो पाया है। नाव संचालन शुरू कराने की मांग गंगा में नाव संचालन अभी पूरी तरह बंद है। नाविकों का कहना है कि जलस्तर कम होने के साथ अब प्रशासन को नाव संचालन को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने पर विचार करना चाहिए। नाविकों ने मांग की है कि जिस तरह बड़ी नावों के संचालन की व्यवस्था की जा रही है, उसी तरह उनके द्वारा तैयार कराए गए नाव संचालन क्रम को भी अनुमति दी जाए। छोटे नाविकों की एक अन्य मांग है कि नाव पर बैठकर श्रद्धालुओं को गंगा आरती का दर्शन कराने की अनुमति भी दी जाए। उनका कहना है कि इससे श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा और बाढ़ के कारण प्रभावित उनकी रोजी-रोटी भी धीरे-धीरे पटरी पर लौट सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User