वाराणसी में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराता दिखा युवक, CCTV:परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी, आयुक्त आवास के बाहर धरना दिया था
वाराणसी के लोहता क्षेत्र के मोढ़ैला चौराहे के पास सतीश कुमार (40) की मौत के मामले में सोमवार को नया मोड़ सामने आया। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में एक युवक सड़क पर चलते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराता दिखाई दे रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो इसी घटना से संबंधित है। वीडियो में दिखाई दे रहा युवक सतीश कुमार ही बताया जा रहा है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। परिजनों ने जताई थी हत्या की आशंका सतीश कुमार मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली के रहने वाले थे। 3/4 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब 1 बजे उनका शव मोढ़ैला चौराहे के पास सड़क किनारे मिला था। सूचना पर उनके भाई शैलेंद्र कुमार परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, सतीश के सिर से खून निकल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर भेज दिया था। शुरुआती जांच में पुलिस की ओर से सड़क दुर्घटना की बात सामने आई थी। हालांकि, परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार कर दिया था। मृतक के भाई शैलेंद्र कुमार ने लोहता थाना प्रभारी को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने और मामले की गहनता से जांच कराने की मांग की थी। परिजनों का आरोप था कि सतीश की किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को मोढ़ैला चौराहे के पास लाकर फेंका गया। आश्वासन के बाद खत्म हुआ था धरना पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिजन शव लेकर जिला मुख्यालय के पास मंडलायुक्त आवास के बाहर पहुंच गए थे। यहां उन्होंने धरना शुरू कर दिया था। सूचना पर एसीपी रोहनिया और एसीपी कैंट मौके पर पहुंचे और परिजनों को जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना खत्म हुआ था। वीडियो में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराता दिखा युवक सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो से मामले की जांच को नया आधार मिला है। वीडियो में एक युवक सड़क पर आगे बढ़ते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराता दिखाई दे रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह वीडियो सतीश की मौत से संबंधित है और इसमें दिखाई दे रहा युवक सतीश कुमार ही बताया जा रहा है। एसीपी रोहनिया ने भी वीडियो को घटना से संबंधित बताया है। अब पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम के आधार पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)