वार्ड-24 में नौसढ़ से बाघागाड़ा तक बनेगा नाला:नगर आयुक्त ने अधूरे काम जल्द पूरे करने का दिया अल्टीमेटम

Oct 09, 2026 - 18:51
0
वार्ड-24 में नौसढ़ से बाघागाड़ा तक बनेगा नाला:नगर आयुक्त ने अधूरे काम जल्द पूरे करने का दिया अल्टीमेटम
नगर निगम की ओर से शहर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए शुक्रवार सुबह नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या 24 मत्स्येंद्र नगर का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने वार्ड में सफाई व्यवस्था के साथ त्वरित आर्थिक विकास योजना और सीवरेज एवं जल निकासी योजना के तहत चल रहे और प्रस्तावित निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता अमित शर्मा, जोनल अधिकारी ओपी यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति देखी और अधिकारियों से उनकी प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्यों को समय से पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को सड़क और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं से राहत मिल सके। जिंदर के मकान से राजेंद्र निषाद के घर तक बन रही सड़क-नाली का निरीक्षण नगर आयुक्त ने त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत जिंदर के मकान से पुन्नवासी गौड़ के मकान होते हुए राजेंद्र निषाद के मकान तक बन रही सीसी सड़क और आरसीसी नाली के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर नाली निर्माण का काम चल रहा था। इस पर उन्होंने अवर अभियंता दीपक शाह को निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सड़क और नाली का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाए, जिससे लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। मलिन बस्ती की गलियों और पार्क का सौंदर्यीकरण जल्द शुरू कराने के निर्देश निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने एनसीएपी योजना के तहत प्रस्तावित मलिन बस्ती की विभिन्न गलियों में आरसीसी नाली और सीसी सड़क निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा 15वें वित्त आयोग की धनराशि से पंचायत भवन के बगल में प्रस्तावित पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य को भी जल्द शुरू कराने के लिए कहा। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के साथ सार्वजनिक स्थल के विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नौसढ़ से बाघागाड़ा तक नाला निर्माण की डीपीआर जल्द होगी फाइनल नगर आयुक्त ने सीवरेज एवं जल निकासी योजना के तहत प्रस्तावित नाला निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। इनमें पूर्वांचल दांत हॉस्पिटल से बाघागाड़ा तक और नौसढ़ रोडवेज बस स्टैंड से बाघागाड़ा तक नाला निर्माण की योजनाएं शामिल हैं। नगर आयुक्त ने नौसढ़ से बाघागाड़ा तक प्रस्तावित नाला निर्माण से जुड़े कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने मुख्य अभियंता अमित शर्मा को दोनों नाला निर्माण कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) जल्द फाइनल कराने और निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त के निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य वार्ड में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना और प्रस्तावित परियोजनाओं को धरातल पर उतारने में तेजी लाना रहा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए जरूरी कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User