वार्ड की बदहाली को लेकर सभासद ने जताई नाराजगी:हरदोई में बोले- अधिकारियों के घरों का पानी पंपसेट से निकल रहा, जनता जलभराव में जीने को मजबूर

Sep 28, 2026 - 22:20
0
वार्ड की बदहाली को लेकर सभासद ने जताई नाराजगी:हरदोई में बोले- अधिकारियों के घरों का पानी पंपसेट से निकल रहा, जनता जलभराव में जीने को मजबूर
हरदोई के वार्ड नंबर-4 की बदहाल स्थिति और जलभराव को लेकर वरिष्ठ सभासद अमित त्रिवेदी रानू ने सोमवार दोपहर करीब 2 बजे नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र के सामने जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिशासी अधिकारी (EO) रामेन्द्र सिंह पर भी लापरवाही के आरोप लगाए। सभासद ने कहा कि अधिकारियों के आवासों से बारिश का पानी निकालने के लिए इंजन चलाए जा रहे हैं, जबकि आम जनता जलभराव से परेशान है। सभासद के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से हुई मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर है। वार्ड-4 के लोगों की समस्या को लेकर उन्होंने नगर पालिका के EO से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। बाद में मिलने का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। बोले- अधिकारियों के लिए तुरंत इंतजाम, जनता की सुध नहीं पालिका अध्यक्ष के कक्ष में हुई बातचीत के दौरान सभासद ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अमला अधिकारियों के आवास और कार्यालयों से पानी निकालने में तत्काल मशीनें और संसाधन लगा रहा है, लेकिन आम लोगों के घरों और मोहल्लों में भरा पानी जस का तस है। उन्होंने कहा कि जिस जनता ने जनप्रतिनिधियों को चुनकर जिम्मेदारी दी है, अगर वही लोग संकट के समय परेशान होते रहें तो जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही क्या रह जाती है। इस दौरान उन्होंने EO के खिलाफ कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। विकास कार्य शुरू न हुए तो इस्तीफे की चेतावनी सभासद अमित त्रिवेदी रानू ने चेतावनी दी कि वार्ड में जल्द विकास कार्य शुरू नहीं हुए और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने धरने पर बैठने और जरूरत पड़ने पर सभासद पद से इस्तीफा देने की भी चेतावनी दी। अब नगर पालिका प्रशासन की ओर से वार्ड की समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर लोगों की नजर है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User