विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण:23 अक्टूबर को होगा मतदान, डीएम ने दिए जरूरी निर्देश

Oct 12, 2026 - 18:21
0
विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण:23 अक्टूबर को होगा मतदान, डीएम ने दिए जरूरी निर्देश
मथुरा में सोमवार को बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील है। सभी कार्मिक प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और निर्वाचन संबंधी नियमों का अच्छी तरह अध्ययन करें। प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की जिज्ञासा, भ्रम या प्रश्न होने पर उसका समाधान अवश्य प्राप्त करें, ताकि मतदान के दिन किसी समस्या का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 19 मतदेय स्थल और 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसी प्रकार आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए भी 19 मतदेय स्थल और 15 मतदान केंद्र निर्धारित हैं। छह जनवरी 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 6,694 मतदाता हैं। इनमें 4,315 पुरुष और 2,379 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 10,669 मतदाता हैं, जिनमें 7,175 पुरुष और 3,494 महिला मतदाता हैं। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना की तिथि 27 अक्टूबर निर्धारित की गई है। मतदान के लिए पहचान पत्र जरूरी जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान के दौरान प्रतिरूपण रोकने के लिए मतदाताओं को अपनी पहचान प्रमाणित करनी होगी। जिन मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र जारी किए गए हैं, उन्हें मतदान से पहले इसे प्रस्तुत करना होगा। पहचान पत्र उपलब्ध न होने पर निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक दिखाना अनिवार्य होगा। वैकल्पिक दस्तावेजों में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, सरकारी या निजी संस्थानों द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र, सांसदों-विधायकों-पार्षदों के सरकारी पहचान पत्र, संबंधित शैक्षिक संस्थान का सेवा पहचान पत्र, विश्वविद्यालय की डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाण पत्र, दिव्यांगता का मूल प्रमाण पत्र तथा यूडीआईडी कार्ड शामिल हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User