विधानसभा स्पीकर सतीश महाना का अफसरों को अल्टीमेटम:CM ग्रिड के एस्टीमेंट की जांच को लिखा पत्र,बैठक से गायब 12 अफसरों को नोटिस जारी

Oct 16, 2026 - 18:40
0
विधानसभा स्पीकर सतीश महाना का अफसरों को अल्टीमेटम:CM ग्रिड के एस्टीमेंट की जांच को लिखा पत्र,बैठक से गायब 12 अफसरों को नोटिस जारी
कानपुर में दिवाली से पहले शहर की टूटी सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। साथ ही शहर में मौजूद करीब ढाई लाख बिजली के पोल पर LED लाइट लगाने की दिशा में काम किया जाएगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित कानपुर नगर के समग्र विकास की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को ये निर्देश दिए। बैठक में शहर की सड़कें, बिजली व्यवस्था, CM ग्रिड योजना, निर्माणाधीन परियोजनाओं और औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में 12 अधिकारी गैरहाजिर रहे। इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। सतीश महाना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में लापरवाही न बरती जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। दिवाली से पहले दुरुस्त होंगी सड़कें सतीश महाना ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत दिवाली से पहले पूरी कराई जाए। मरम्मत कार्य की गुणवत्ता का खास ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो। बिजली व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने केस्को के अधिकारियों से शहर में मौजूद करीब ढाई लाख बिजली के पोल पर LED लाइट लगाने के लिए कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि दिवाली से पहले सभी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जाए ताकि त्योहार के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों और इलाकों में पर्याप्त रोशनी रहे। CM ग्रिड की सड़कों के एस्टीमेट की जांच की मांग CM ग्रिड योजना के तहत सड़कों के निर्माण में आ रही समस्याओं का मुद्दा भी बैठक में उठा। सतीश महाना ने बताया कि शुरुआती चरण के कुछ प्रोजेक्ट में जल संस्थान और जल निगम से संबंधित कार्यों को एस्टीमेट में शामिल नहीं किया गया था। इस वजह से कुछ काम अधूरे रह गए और बाद में संशोधित एस्टीमेट की जरूरत पड़ी। उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर संबंधित एस्टीमेट और नगर निगम की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण की जांच कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की योजना बनाते समय सभी जरूरी पहलुओं को शामिल किया जाना चाहिए, ताकि बाद में काम अधूरा न रहे और अतिरिक्त संशोधन की जरूरत न पड़े। रिंग रोड के पांच पैकेजों में अलग-अलग प्रगति कानपुर रिंग रोड परियोजना की समीक्षा के दौरान NHAI के अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य पांच पैकेजों में कराया जा रहा है। इनमें पैकेज-1 का 64%, पैकेज-2A का 50%, पैकेज-2B का 21%, पैकेज-3 का 37% और पैकेज-4 का 42% काम पूरा हो चुका है। सतीश महाना ने बचा हुआ निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मेट्रो निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों, नालों, सीवर लाइनों और पाइपलाइनों की जल्द मरम्मत कराने को कहा गया। एलिमको के पास फुट ओवरब्रिज, धोबी घाट–रानी घाट से ट्रांस गंगा सिटी तक प्रस्तावित पुल और सरैया क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज की भी समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई बैठक में डोमनपुर–गढ़ेवा पुल, एलिवेटेड कॉरिडोर, मेगा लेदर क्लस्टर, सैबसी झील संरक्षण, सचौली पुल और सराय मीता में शुद्ध पेयजल आपूर्ति से जुड़ी परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। प्रस्तावित पुल से प्रभावित और विस्थापित होने वाले परिवारों को जल्द मुआवजा देने के निर्देश दिए गए। केडीए की आवासीय कॉलोनियों की समस्याओं और रूमा औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। विद्युत विभाग और यूपीसीडा को सब स्टेशन निर्माण के बावजूद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बनी समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय से कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार और राहुल बच्चा सोनकर, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, सीडीओ अभिनव जे जैन, केस्को एमडी नेहा जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User