विद्यालयों में प्रबंध समितियों का अस्तित्व खत्म करने का आरोप:बागपत में किसान मजदूर संगठन ने डीआईओएस को सौंपा मांग पत्र
बागपत में किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नु मलिक और जिला अध्यक्ष बागपत कालूराम हिलवाड़ी के नेतृत्व में मंगलवार को प्रतिनिधिमंडल ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचकर जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव यादव और विभागीय स्टाफ के साथ विभिन्न समस्याओं को लेकर वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल ने माध्यमिक विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए डीआईओएस को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नु मलिक ने कहा कि वर्तमान में माध्यमिक विद्यालय राजनीति का अखाड़ा बनते जा रहे हैं। उनका आरोप है कि कई विद्यालयों में प्रबंध समितियों के चुनाव कराने के बजाय शासन स्तर से लगातार प्रबंधक नियुक्त किए जा रहे हैं, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों के लिए किसानों की जमीन का भी योगदान रहा है और अब धीरे-धीरे प्रबंध समितियों का अस्तित्व समाप्त होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ विद्यालयों में एकल संचालन की व्यवस्था के चलते विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा पूरा महादेव गांव स्थित कन्या विद्यालय को मंदिर समिति द्वारा तोड़े जाने का मामला भी उठाया गया। अन्नु मलिक ने कहा कि किसान मजदूर संगठन विद्यालय को तोड़े जाने का विरोध करता है। यदि मंदिर समिति द्वारा विद्यालय को तोड़ने की कार्रवाई की गई तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगा। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालयों से संबंधित अन्य समस्याओं को भी डीआईओएस के सामने रखा और उनके निस्तारण की मांग की। जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव यादव ने प्रतिनिधिमंडल को सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष कालूराम हिलवाड़ी, युवा जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, जिला प्रवक्ता परवेज अहमद, तहसील अध्यक्ष प्रवेंद्र राणा, जिला सचिव मनोज आर्य, अकील राजपूत, एडवोकेट पवन राजपूत, राहुल राजपूत टटीरी, यशवीर हिलवाड़ी, खालिद कप्तान, इसरार चौधरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक विनोद कुमार, अभिनव तोमर और रविंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)