विकसित राष्ट्र बनाने को स्वदेशी वस्तुओं का करें इस्तेमाल:फर्रुखाबाद में सांसद ने कहा- 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी
फर्रुखाबाद में गुरुवार को जनपद स्तरीय श्रीअन्न (मिलेट्स) महोत्सव और मिलेट्स जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत मुख्य अतिथि रहे। शाम 4 बजे तक चले कार्यक्रम में किसानों और आमजन को मोटे अनाज के उत्पादन, उपयोग और इसके फायदे के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रशासक मोनिका यादव, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर और भाजपा जिलाध्यक्ष शफतेहचंद्र वर्मा मौजूद रहे। शुरुआत में विभिन्न विभागों और सूचना विभाग की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। सांसद बोले- 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में सभी की भागीदारी जरूरी सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हर नागरिक का सहयोग जरूरी है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 अक्टूबर तक सरकारी योजनाओं के ऐसे लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा, जो अभी तक इससे वंचित हैं। विधायक बोले- भोजन की थाली में मोटे अनाज को दें जगह अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि पुराने समय में भारत में मोटे अनाज का बड़े स्तर पर प्रयोग होता था। उन्होंने कहा कि आज भी श्रीअन्न को भोजन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से देश में मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने माताओं और बहनों से श्रीअन्न के लाभ और इससे बनने वाले व्यंजनों की जानकारी लेकर परिवार की भोजन की थाली में इन्हें शामिल करने की अपील की। किसानों से भी अपनी फसलों में मोटे अनाज को स्थान देने को कहा। भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के साथ कृषि विभाग की ओर से श्रीअन्न के उत्पादन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे किसान और समाज दोनों के लिए उपयोगी बताया। मिलेट्स के प्रति जागरूक करने के लिए प्रतियोगिताएं भी हुईं भाजपा जिलाध्यक्ष शफतेहचंद्र वर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को मोटे अनाज को भोजन की थाली में शामिल करने के लिए जागरूक करना है। महोत्सव के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों की देखरेख में विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इनमें प्रतिभागियों को श्रीअन्न के उपयोग और इससे बनने वाले व्यंजनों के प्रति जागरूक किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)