विंध्याचल मेले में भारी वाहनों की नो-एंट्री:21 अक्टूबर तक लागू रहेगा रूट डायवर्जन, पुलिस ने जारी किया प्लान; पार्किंग की व्यवस्था भी तय

Oct 10, 2026 - 20:55
0
विंध्याचल मेले में भारी वाहनों की नो-एंट्री:21 अक्टूबर तक लागू रहेगा रूट डायवर्जन, पुलिस ने जारी किया प्लान; पार्किंग की व्यवस्था भी तय
मिर्जापुर। विंध्याचल धाम में शारदीय नवरात्र मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाते हुए रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। 10 अक्टूबर की सुबह छह बजे से 21 अक्टूबर की रात 10 बजे तक शहर क्षेत्र में भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू रहेगी। पुलिस ने सड़कों पर वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। प्रयागराज की ओर से मिर्जापुर आने वाले भारी वाहनों को गैपुरा चौराहे से विजयपुर होते हुए लालगंज की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। नटवा तिराहे से विंध्याचल की ओर पेट्रोलियम और गैस वाहनों को छोड़कर अन्य भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें बथुआ तिराहा, लालगंज, विजयपुर और गैपुरा के रास्ते प्रयागराज की ओर भेजा जाएगा। वाराणसी से मिर्जापुर होकर प्रयागराज जाने वाले भारी वाहनों को औराई तथा रामटेक चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा। अलग-अलग मार्गों पर पार्किंग निर्धारित प्रयागराज की ओर से नैनी, मेजा, मांडा और जिगना होते हुए आने वाली श्रद्धालुओं की बसों को अष्टभुजा बस पार्किंग और काली खोह मुख्य गेट के पास पार्क कराया जाएगा। सोनभद्र और मध्य प्रदेश की ओर से आने वाली बसों के लिए अमरावती और घमहापुर स्थित हरिश्चंद्र बस पार्किंग निर्धारित की गई है। बिहार, वाराणसी, जौनपुर और भदोही से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को वाराणसी-जौनपुर बस स्टैंड तथा बरतर तिराहे की पार्किंग में रुकेंगी। पार्किंग भरने पर वाहनों को अमरावती चौराहा, पुरानी वीआईपी रोड, दूधनाथ तिराहा और अन्य निर्धारित स्थलों की ओर भेजा जाएगा। सभी पार्किंग भरने पर ओझला पुल हाईवे, काली खोह और शिवपुर रेलवे ओवरब्रिज के पास आकस्मिक पार्किंग का इस्तेमाल होगा। यातायात व्यवस्था के संचालन के लिए अमरावती चौराहे पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष बनाया जाएगा। शहर में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को रात 12 बजे से सुबह छह बजे तक जांच के बाद प्रवेश मिलेगा। बालू, गिट्टी, मोरंग और लोहा लदे वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एंबुलेंस, स्कूल बस, यात्री बस और पेट्रोलियम वाहनों को डायवर्जन से छूट रहेगी। पुलिस ने अपील की है कि श्रद्धालु निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़ा करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User