विंध्याचल में 11अक्टूबर से नवरात्र मेला, एसपी ने जांची व्यवस्था:सुरक्षा और ट्रैफिक पर दिया खास ध्यान, भीड़ नियंत्रण के निर्देश

Oct 04, 2026 - 22:58
0
विंध्याचल में 11अक्टूबर से नवरात्र मेला, एसपी ने जांची व्यवस्था:सुरक्षा और ट्रैफिक पर दिया खास ध्यान, भीड़ नियंत्रण के निर्देश
मिर्जापुर। मां विंध्यवासिनी धाम में शारदीय नवरात्र का नौ दिवसीय मेला 11 अक्टूबर से शुरू होगा । मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार की शाम करीब 7 बजे धाम में पहुंची पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ विंध्याचल क्षेत्र में श्रद्धालुओं के विश्राम स्थल और वाहन पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। एसपी ने निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन, वाहनों की पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराया जाए, ताकि मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। श्रद्धालुओं के विश्राम स्थलों पर भी आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। एसपी ने निर्देश दिया कि नवरात्र मेले के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त कर ली जाएं। प्रमुख मार्गों, भीड़ वाले स्थानों और मंदिर क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी रखने को कहा गया। सुगम दर्शन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक पुलिस बंदोबस्त किया जाएगा। गौरतलब है कि नवरात्र मेले के दौरान विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन व्यवस्था में भी बदलाव रहेगा। 11 अक्टूबर से गर्भगृह में प्रवेश और मां के चरण स्पर्श पर रोक रहेगी। श्रद्धालुओं को प्रतिदिन करीब 20 घंटे दर्शन की सुविधा मिलेगी। नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को 8 अक्टूबर तक आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। मेला क्षेत्र में सफाई, बिजली, यातायात, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User