विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर लोगों को किया जागरूक:मानसिक रोगियों को भी मिलेगा मुफ्त वकील, विधिक सेवा प्राधिकरण ने दी जानकारी

Oct 10, 2026 - 18:26
0
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर लोगों को किया जागरूक:मानसिक रोगियों को भी मिलेगा मुफ्त वकील, विधिक सेवा प्राधिकरण ने दी जानकारी
आगरा में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शनिवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के जेपी सभागार खंदारी में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय, जिला स्वास्थ्य समिति और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम की थीम - LIVED EXPERIENCE HEARD : REAL VOICES, REAL CHANGE रखी गई थी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश संजय कुमार मलिक रहे, जबकि अध्यक्षता कुलपति प्रो. आशु रानी ने की। बीमार व्यक्ति को गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पंकज कुमार-I ने कहा कि मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति भी विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987 की धारा 12 के तहत निशुल्क विधिक सहायता पाने का पात्र है। उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य देखभाल अधिनियम 2017 के तहत ऐसे व्यक्तियों को गरिमापूर्ण जीवन जीने, सम्मान पाने और भेदभाव से मुक्त रहने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि कोई मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति किसी कानूनी विवाद में फंस जाता है तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उसे निशुल्क अधिवक्ता, परामर्श और मध्यस्थता की सुविधा उपलब्ध कराता है। प्राधिकरण का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। कई बार जानकारी के अभाव में ऐसे लोग अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। भ्रांतियों को दूर करने की शपथ कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के निदेशक दिनेश कुमार राठौर, डिप्टी सीएमओ पियूष जैन, विशाल शर्मा सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, चिकित्सक, मनोवैज्ञानिक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस दौरान मंच के पास जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक जागरूकता शिविर भी लगाया गया। शिविर में निशुल्क विधिक सहायता से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए और लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समाज में इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि मानसिक बीमारी भी अन्य बीमारियों की तरह ही है और समय पर इलाज और सहयोग से इसे ठीक किया जा सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User