विश्वविद्यालय और इफको के बीच जल्द होगा समझौता:किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और सुविधाएं मिलेंगी, आय बढ़ाने में मदद
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज और भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफको) के बीच जल्द ही समझौता ज्ञापन (एमओयू) होगा। प्रस्तावित एमओयू के माध्यम से कृषि विज्ञान केंद्रों के सहयोग से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उर्वरक प्रबंधन और कृषि क्षेत्र से जुड़ी अन्य उपयोगी सुविधाओं का लाभ पहुंचाने पर सहमति बनी है। 5 अक्टूबर ,सोमवार को इफको के प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात कर प्रस्तावित एमओयू को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान किसानों की आय बढ़ाने, उन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और कृषि उत्पादन को बेहतर बनाने के लिए विश्वविद्यालय एवं इफको के बीच समन्वय पर विचार-विमर्श हुआ। कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ दिलाने के लिए विश्वविद्यालय लगातार प्रयास कर रहा है। इफको के साथ प्रस्तावित समझौते से कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से किसानों तक उपयोगी तकनीकी जानकारी और कृषि संबंधी सहयोग पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने इफको प्रतिनिधिमंडल को किसानों के हित में विश्वविद्यालय की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कुलपति ने बताया कि जल्द ही इफको के सहयोग से विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से किसानों के लिए लाभकारी योजनाओं का संचालन किया जाएगा। इसमें किसानों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। विश्वविद्यालय और इफको के बीच प्रस्तावित एमओयू को किसानों के हित में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। बैठक में इफको नई दिल्ली के मुख्य अधिकारी कृषि सेवाएं डॉ. तरणेंदु सिंह, लखनऊ के उप महाप्रबंधक डॉ. एसके सिंह, अयोध्या के रीजनल मैनेजर राजकुमार, अधिष्ठाता वानिकी महाविद्यालय डॉ. भगवान दीन और निदेशक शोध डॉ. सौरभ दीक्षित मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)