विस्फोट से मकान ढहने से 5 की मौत का मामला:फतेहपुर में 4 कमरे, रसोई और शौचालय मलबे में तब्दील; 5 दिन बाद भी हादसे की वजह साफ नहीं
फतेहपुर के मलवां थाना क्षेत्र के बनियन मोहल्ले में फल व्यवसायी सुरेश गुप्ता के मकान की दूसरी मंजिल पर सोमवार को हुए भीषण विस्फोट से पूरा इलाका दहल गया था। धमाके में मकान की छत के साथ चार कमरे, रसोई और शौचालय पूरी तरह ढह गए थे। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई थी। इनमें गृहस्वामी सुरेश गुप्ता के पुत्र अनूप, पुत्रवधू अर्चना और भतीजे अनिकेत, नीशू व वेद शामिल हैं। हादसे के पांच दिन बाद भी पुलिस जांच किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। राहत और बचाव कार्य में जुटी टीम अब तक करीब 80 प्रतिशत मलबा हटा चुकी है। शुक्रवार को मजदूर सुबह से बचे हुए मलबे को हटाने में जुटे रहे। करीब 20 प्रतिशत मलबा अभी हटाया जाना बाकी है। रसोई के बगल वाले कमरे में विस्फोट की आशंका पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दूसरी मंजिल पर करीब 10 फीट चौड़ा और 12 फीट लंबा हॉल था। इसके आसपास तीन कमरे, रसोई और शौचालय बने थे। मकान की बनावट के कारण मलबे का बड़ा हिस्सा पीछे की ओर गिरा, जबकि छत नीचे आ गिरी। पुलिस को आशंका है कि विस्फोट रसोई के बगल वाले कमरे में हुआ होगा। जिस जगह बर्तन और अन्य सामान मिले हैं, वहां कमरा पूरी तरह तबाह मिला है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विस्फोट रिफिल्ड एलपीजी सिलेंडर से हुआ या अवैध आतिशबाजी के भंडारण के कारण। मलबे में सिलेंडर तलाश रही फोरेंसिक टीम हादसे के बाद मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। मलबा हटाने के साथ रास्ते की सफाई भी कराई गई, जिससे चार दिन से बंद गली में आवागमन बहाल हो गया है। जेसीबी और मजदूरों की मदद से बाकी मलबा हटाया जा रहा है। फोरेंसिक टीम और पुलिस बल मलबे की बारीकी से छानबीन कर रहे हैं और रसोई गैस सिलेंडर की तलाश की जा रही है। भाई और परिजनों को खोने से परिवार सदमे में हादसे में सुरेश गुप्ता के भाई अनूप और अन्य परिजनों की मौत के बाद परिवार सदमे में है। सूरज गुप्ता ने हादसे में अपने भाई अनूप समेत अन्य परिजनों को खोया है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल पूजा का इलाज कानपुर के हैलट अस्पताल में चल रहा है। परिजनों और स्थानीय लोगों में विस्फोट के कारण को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। मलबे का पूरा हिस्सा हटने और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)