वोट चोरी को लेकर मेरठ में विधानसभा तक जाएगी सपा:4 अक्टूबर को निकलेगा कैंडल मार्च, जिला अध्यक्ष बोले -लोगों को बताएंगे भाजपा के झूठ
मेरठ में समाजवादी पार्टी ने वोट चोरी और एसआईआर के मुद्दे को लेकर विधानसभा स्तर पर आंदोलन तेज करने की रणनीति बनाई है। शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के बाद जिलाध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ आगे के कार्यक्रमों को लेकर बैठक की। जिलाध्यक्ष कर्मवीर गुमी ने बताया कि पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व आंदोलन की रूपरेखा तय कर रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की 30 सितंबर को हुई बैठक में पूरे सप्ताह विधानसभा स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पार्टी की मासिक बैठक भी विधानसभा स्तर पर आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर को मेरठ में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। इस दौरान अलग-अलग कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। विधानसभा अध्यक्षों के नेतृत्व में संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ता कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष भी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर बातचीत करेंगे। महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी ने बताया कि मेरठ दक्षिण, मेरठ शहर और मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्रों में भी विधानसभा स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चार अक्टूबर से शुरू होने वाले कार्यक्रम पूरे सप्ताह जारी रहेंगे। कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और जनता को वोट चोरी तथा एसआईआर को लेकर पार्टी का पक्ष बताया जाएगा। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट चोरी लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय है। नेताओं ने एसआईआर प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि एक व्यक्ति के नाम पर कई जगह वोट होने के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को सड़क तक ले जाया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)