वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले सजा रहे मां विंध्यवासिनी का धाम:मिर्जापुर में शारदीय नवरात्रि से पहले 144 खंभों पर भर रहे रंग, CM योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट

Oct 06, 2026 - 08:39
0
वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले सजा रहे मां विंध्यवासिनी का धाम:मिर्जापुर में शारदीय नवरात्रि से पहले 144 खंभों पर भर रहे रंग, CM योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट
मिर्जापुर में माता विंध्यवासिनी का धाम शारदीय नवरात्रि में नए रंग-रूप में नजर आएगा। मां विंध्यवासिनी धाम के 144 पत्थर के खंभों को भारतीय संस्कृति की प्राचीन चित्रकला विधा भित्ति चित्रों से सजाया जा रहा है। खंभों पर गुलाब, गुड़हल, कलश समेत धार्मिक और पारंपरिक आकृतियां उकेरी जा रही हैं। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के चित्रकला विभाग में पीएचडी कर रहे कलाकार सुनील कुमार मौर्य के नेतृत्व में विद्यार्थियों और कलाकारों की टीम यह काम कर रही है। सुनील कुमार मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महज 8 एमएम आकार का चित्र बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। अब उनकी कला मां विंध्यवासिनी के दरबार को संवारने में नजर आ रही है। प्रारूप तैयार कर खंभों पर हो रही चित्रकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर को आकर्षक बनाने के लिए चल रहे इस कार्य में कला और आध्यात्मिकता का संगम दिखाई दे रहा है। पत्थर के खंभों पर चित्रकारी का काम बेहद बारीकी से किया जा रहा है। कलाकार पहले अलग-अलग आकृतियों का प्रारूप तैयार करते हैं। इसके बाद इन आकृतियों को खंभों पर छापकर उन्हें चित्रों से सजाया जा रहा है। नवरात्रि से पहले पूरा करने में जुटी टीम शारदीय नवरात्रि के दौरान विंध्याचल धाम में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए कलाकारों की टीम नवरात्रि शुरू होने से पहले 144 खंभों को सजाने में जुटी है। प्रयास है कि धाम में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को धार्मिक वातावरण के साथ भारतीय लोक और पारंपरिक कला की झलक भी दिखाई दे। 8 एमएम की PM मोदी की तस्वीर बनाकर बनाया रिकॉर्ड सुनील कुमार मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महज 8 एमएम आकार का चित्र बनाकर कला के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब मां विंध्यवासिनी धाम में उनकी कला का प्रदर्शन हो रहा है। उनके नेतृत्व में कलाकार और विद्यार्थी धार्मिक आस्था से जुड़े चित्रों को पत्थर के खंभों पर उकेर रहे हैं। इन कलाकारों का मिल रहा सहयोग भित्ति चित्र बनाने के इस कार्य में अमरजीत यादव, कुलदीप पटेल, सनोज कुमार और विशाल कुमार समेत काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चित्रकला संकाय से जुड़े विद्यार्थी और कलाकार सहयोग कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User