व्यापारी के परिवार से चंद्रशेखर आजाद ने मुलाकात की:गोंडा में पत्नी-बेटे को न्याय दिलाने का दिया भरोसा, आरोपियों से परिवार को डर

Oct 09, 2026 - 08:34
0
व्यापारी के परिवार से चंद्रशेखर आजाद ने मुलाकात की:गोंडा में पत्नी-बेटे को न्याय दिलाने का दिया भरोसा, आरोपियों से परिवार को डर
गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र के रेक्सडिया गांव निवासी बर्तन व्यापारी विनोद साहनी की हत्या के मामले में नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार देर रात लखनऊ में उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मृतक की पत्नी ऊषा और बेटे राजा साहनी से घटना की जानकारी ली और न्याय की लड़ाई में हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने पत्नी और बेटे को अपनी पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत भी किया। 9 सितंबर को दुकान से लौटते समय हुई थी हत्या परिजनों के मुताबिक, विनोद साहनी की 9 सितंबर को दुकान से घर लौटते समय रास्ते में कुछ लोगों ने पिटाई कर दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में कुछ आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। परिवार का कहना है कि आरोपियों के फरार होने के कारण उन्हें अब भी डर बना हुआ है। 13 सितंबर को पुलिस ने मिलने से रोका था 13 सितंबर को चंद्रशेखर आजाद विनोद साहनी के परिजनों से मुलाकात करने गोंडा जा रहे थे। हालांकि, बाराबंकी में गोंडा और बाराबंकी पुलिस ने उन्हें रोक लिया था और परिजनों से मिलने नहीं दिया था। बेटे ने कहा- कई आरोपी अब भी फरार विनोद साहनी के बेटे राजा साहनी ने बताया कि जब उनके दुख में शामिल होने के लिए लोग आ रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें मिलने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि परिवार ने लखनऊ पहुंचकर चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात की और उन्हें पूरी घटना के बारे में विस्तार से बताया। राजा साहनी के मुताबिक, उन्होंने फरार आरोपियों और परिवार की मांगों के बारे में भी जानकारी दी। उनका कहना है कि जिलाधिकारी और मंत्री की ओर से मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वे अब तक पूरी नहीं हुई हैं। राजा साहनी ने कहा कि उनके पिता चंद्रशेखर आजाद को बहुत मानते थे और पार्टी से भी जुड़े थे। उन्होंने बताया कि चंद्रशेखर आजाद ने परिवार को न्याय की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिया है। राजा साहनी ने यह भी कहा कि कई आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं, इसलिए परिवार को अभी भी डर बना हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User