यादव महासभा अध्यक्ष अशोक यादव इटावा पहुंचे:जातिगत जनगणना में सही जानकारी दर्ज कराने की अपील, बोले- 2011 में हुई थी गड़बड़ी
इटावा में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष और सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट अशोक यादव इटावा पहुंचे। इटावा पहुंचने पर जिला कार्यकारिणी की ओर से स्वागत और सम्मान किया गया। इसके बाद शनिवार दोपहर साढ़े 12 बजे जिला पंचायत कार्यालय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि 2027 के चुनाव आने वाले हैं और उससे पहले जातिगत जनगणना होनी है। उन्होंने कहा कि यादव समाज के उत्थान के लिए अभी से काम करने की जरूरत है और इसके लिए जातिगत जनगणना में सही जानकारी दर्ज होना जरूरी है। 2011 की जनगणना का जिक्र अशोक यादव ने कहा कि 2011 में हुई जनगणना के दौरान कई लोगों ने अपनी मूल जाति के अलावा अलग-अलग जातियां दर्ज कराई थीं। इसके कारण एक ही जाति के लोग कई अलग-अलग हिस्सों में दर्ज हो गए और सही आंकड़े सामने आने में समस्या हुई। उन्होंने कहा कि 2027 में होने वाली जनगणना के दौरान सभी लोग फॉर्म में अपनी सही जाति दर्ज कराएं। उन्होंने यादव समाज के साथ-साथ सभी समाज के लोगों से भी अपनी मूल जाति दर्ज कराने की अपील की।
अशोक यादव ने कहा कि अपनी जाति इस तरीके से दर्ज कराएं कि किसी तरह का कोई कन्फ्यूजन पैदा न हो। उन्होंने कहा कि जाति की जानकारी स्पष्ट और सही तरीके से दर्ज होने से जातिगत जनगणना भी सही तरीके से हो सकेगी। उन्होंने बताया कि जातिगत जनगणना को लेकर अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की ओर से जनजागरण अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से लोगों को अपनी सही जाति दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव, रिटायर्ड सीओ रामनाथ यादव सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)