यमुना में पोकलेन मशीनें चलने का वीडियो आया सामने:शामली में मंडावर खनन प्वाइंट के पास जलधारा प्रभावित करने का आरोप
कैराना में यमुना नदी में पोकलेन मशीनें चलने के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खनन को लेकर मामला फिर चर्चा में आ गया है। वीडियो के साथ मंडावर क्षेत्र की लोकेशन दर्शाई गई है। इनमें यमुना नदी के बीच तीन पोकलेन मशीनें चलती दिखाई दे रही हैं। किसानों ने खनन ठेकेदार पर नदी की प्राकृतिक जलधारा प्रभावित करने का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि नदी की जलधारा प्रभावित होने से पानी खेतों की ओर आ रहा है। इससे यमुना किनारे स्थित कृषि भूमि में कटाव होने और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नदी में मशीनें उतारकर उसकी प्राकृतिक स्थिति से छेड़छाड़ की जा रही है। किसानों का दावा है कि वे पहले भी कृषि भूमि के कटाव और फसलों को नुकसान पहुंचने की शिकायत कर चुके हैं।
अधिकारियों ने किया था मौके का निरीक्षण गत सोमवार को एसडीएम शिवाजी यादव, एआरटीओ प्रवेश कुमार, तहसीलदार अर्जुन सिंह चौहान और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान मौके पर खनन होता नहीं पाया गया था। वायरल वीडियो के बाद जांच अब पोकलेन मशीनों के वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर फिर सवाल उठ रहे हैं। वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियों की वास्तविक स्थिति और समय की पुष्टि होना बाकी है। पुलिस-प्रशासन मामले की जांच में जुटा है। वहीं, किसानों ने नदी की जलधारा और कृषि भूमि को संभावित नुकसान से बचाने के लिए कार्रवाई की मांग की है।।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)