यमुनानगर में भांजे के सामने ट्रैक्टर ने मामा को कुचला,मौत:एक अन्य बाइक सवार घायल, कलानौर-जगाधरी रोड पर हुआ हादसा, आरोपी फरार
यमुनानगर में ब्रहमपुरा चौक के आगे कलानौर-जगाधरी रोड पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार युवक घायल हो गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव घाटहेड़ा निवासी 47 वर्षीय देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है। घायल की पहचान यमुनानगर के जोगिंद्र नगर निवासी 28 वर्षीय नवलेश कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। सदर यमुनानगर थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तेज रफ्तार में आया ट्रैक्टर पुलिस को दी शिकायत में गांव मेहरमाजरा निवासी गोपाल ने बताया कि देवेंद्र कुमार उसके मामा थे। देवेंद्र कुमार शादीशुदा थे और उनके जुड़वां बेटे हैं। देवेंद्र छछरौली रोड पर चुना भट्ठी के पास निजी नौकरी करते थे और उससे मिलने के लिए गांव मेहरमाजरा आए हुए थे। सुबह दोनों अपनी-अपनी मोटरसाइकिलों पर काम के लिए यमुनानगर जा रहे थे। देवेंद्र कुमार मोटरसाइकिल पर आगे चल रहे थे, जबकि वह अपनी बाइक पर उनके पीछे था। जब वे ब्रहमपुरा चौक से थोड़ा आगे कलानौर-जगाधरी रोड पर पहुंचे तो कलानौर की तरफ से ट्रैक्टर तेज रफ्तार और लापरवाही से आया। कुचलने के बाद दूसरी बाइक में भी मारी टक्कर ट्रैक्टर चालक ने उसको क्रॉस करते हुए आगे चल रहे मामा देवेंद्र की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर से निकल गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने आगे चल रही एक अन्य मोटरसाइकिल को भी टक्कर मारी, जिस पर सवार नवलेश कुमार की बाईं टांग पर चोट लगी। हादसे के बाद चालक कुछ समय के लिए मौके पर रुका, लेकिन वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी तो वह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जगाधरी की तरफ फरार हो गया। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने देवेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल नवलेश कुमार का उपचार किया गया। यमुनानगर सदर थाना प्रभारी कमलजीत ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)