यूपी बोर्ड: 9वीं-11वीं की नामावली 15 अक्टूबर तक जमा करें:पोर्टल पर गड़बड़ियां सुधारने का विकल्प, डीआईओएस कार्यालय में होगी जमा

Oct 12, 2026 - 19:44
0
यूपी बोर्ड: 9वीं-11वीं की नामावली 15 अक्टूबर तक जमा करें:पोर्टल पर गड़बड़ियां सुधारने का विकल्प, डीआईओएस कार्यालय में होगी जमा
प्रयागराज यूपी बोर्ड ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9 और 11 के अग्रिम पंजीकरण और कक्षा 10 व 12 के परीक्षा आवेदन से जुड़ी नामावली जमा करने के निर्देश जारी किए हैं। सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पंजीकृत विद्यार्थियों की फोटोयुक्त नामावली डाउनलोड करके 15 अक्टूबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में जमा करनी होगी। इसके साथ कोषपत्र की एक प्रति भी देनी होगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद के कार्यालय सचिव भगवती सिंह ने 12 अक्टूबर को इस संबंध में विज्ञप्ति जारी की है। इसके मुताबिक, बोर्ड के पोर्टल पर विद्यार्थियों के ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पंजीकृत विद्यार्थियों की फोटोयुक्त नामावली डाउनलोड करनी है। इसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को भेजने के लिए डीआईओएस कार्यालय में जमा करना होगा। बोर्ड को कई जिलों के प्रधानाचार्यों ने बताया था कि कुछ गड़बड़ियों के कारण उनके विद्यालयों की नामावली तैयार नहीं हो पा रही है या डाउनलोड करने में परेशानी हो रही है। इस समस्या को दूर करने के लिए बोर्ड ने पोर्टल पर जरूरी विकल्प उपलब्ध करा दिए हैं। जिन विद्यार्थियों की फोटो अपलोड नहीं हुई है, उनके लिए फोटो अपलोड करने की सुविधा दी गई है। वहीं, जिन मामलों में शुल्क चालान या जरूरी दस्तावेज अपलोड नहीं किए गए हैं, उनमें संबंधित अभिलेख अपलोड किए जा सकेंगे। इसके अलावा, यदि किसी विद्यार्थी का दो बार पंजीकरण हो गया है तो निरस्त किए जाने वाले पंजीकरण का डाटा हटाने का विकल्प भी दिया गया है। समय पर काम पूरा करने की जिम्मेदारी प्रधानाचार्य की सचिव भगवती सिंह ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि वे अपने विद्यालय से जुड़ी कमियों को तत्काल दूर कर नामावली डाउनलोड करें और 15 अक्टूबर तक डीआईओएस कार्यालय में जमा करना सुनिश्चित करें। निर्धारित समय में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराने की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य की होगी। बोर्ड ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5310 और 1800-180-5312 भी जारी किए हैं। किसी भी समस्या के समाधान के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User