यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:भतीजा बोला-मायावती बुआ माफ कर दीजिए, फॉर्च्यूनर पर चढ़े चंद्रशेखर; दीक्षा लेकर प्रेमानंदजी का शिष्य लापता
आज की सबसे बड़ी खबर मायावती के भतीजे आकाश आनंद के पार्टी से निकाले जाने के 22 दिन बाद माफी मांगने से जुड़ी है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर दिव्या मित्तल के मिर्जापुर से चुनाव लड़ने के सवाल पर मंत्री अनुप्रिया की चुप्पी को लेकर है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1- आकाश आनंद ने बुआ मायावती से माफी मांगी, कहा- बसपा मेरा परिवार मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने पार्टी से निकाले जाने के 22 दिन बाद चुप्पी तोड़ते हुए उनसे माफी मांगी। उन्होंने X पर लिखा- आप मेरी राजनीतिक गुरु हैं। मेरी बुआ मां भी हैं। राजनीति आपसे सीखा। आपको ठेस पहुंची है तो मैं क्षमा चाहता हूं। मैं सिर्फ आपके नेतृत्व में फिर से पार्टी और मिशन की सेवा का अवसर चाहता हूं। किसी दूसरे दल में नहीं जा रहा। BSP परिवार है। पूरी खबर पढ़ें 2- दिव्या मित्तल के सवालों पर अनुप्रिया ने चुप्पी साधी, लखनऊ में 9 बार पूछा गया सवाल अपना दल (एस) की प्रमुख अनुप्रिया पटेल ने दिव्या मित्तल से चुनौती के सवाल पर जवाब नहीं दिया। शुक्रवार को लखनऊ में उन्होंने समीक्षा बैठक की। इसमें 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक के बाद भास्कर रिपोर्टर ने अनुप्रिया से पूर्व IAS दिव्या मित्तल से मिलने वाली चुनौती को लेकर 9 बार सवाल किया। लेकिन अनदेखी कर दूसरे मुद्दों पर बात करती रहीं। पूरी खबर पढ़ें 3- चंद्रशेखर ने फॉर्च्यूनर के बोनट पर बैठकर भरा फर्राटा, 5 पुलिसकर्मी लटके रहे सांसद चंद्रशेखर आजाद फॉरच्यूनर के बोनट पर बैठकर फर्राटा भरते नजर आए। 15 सेकंड के वीडियो में सांसद फ्रंट शीशे के सहारे बोनट पर बैठे हैं। गेट पर 5 पुलिसकर्मी लटके दिख रहे। काफिले की कई गाड़ियां भी फुल स्पीड में चल रहीं। हालांकि, सुरक्षाकर्मी दूसरी गाड़ियों को धीमी रफ्तार से चलने का इशारा करते दिखे। वीडियो 29 सितंबर का है। चंद्रशेखर ने सफाई भी दी। पूरी खबर पढ़ें 4- कानपुर में स्कूल बस की टक्कर, महिला टीचर की मौत, 3 छात्र घायल कानपुर में तेज रफ्तार डंपर से स्कूल बस की आमने-सामने टक्कर में महिला टीचर की मौत हो गई। 3 छात्र और 3 टीचर घायल हैं। बस में सवार 35 लोग गांधी जयंती मनाने स्कूल जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के शीशे टूटकर बिखर गए। टुकड़े किसी की आंख, सिर तो किसी की गर्दन में जा लगे। बस घाटमपुर के चीमा पब्लिक स्कूल की थी। डंपर ड्राइवर पकड़ा गया। पूरी खबर पढ़ें 5- राज्यसभा चुनाव- राजभर के 2 विधायक सपा को वोट करेंगे, मंत्री बोले- सबका बाजा बजा देंगे यूपी में राज्यसभा चुनाव से पहले NDA के दो वोट कम हो गए हैं। मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी के दो विधायक अब्बास अंसारी और जगदीश नारायण राय सपा को वोट करेंगे। दोनों 2022 में सुभासपा से जीते थे, लेकिन पहले सपा के नेता थे। राजभर ने कहा- अखिलेश ने हमको तलाक दे दिया, हमने कबूल भी कर लिया। कबूल, कबूल, कबूल। सपा तो “डूबती नैया” है। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें... 6- हरदोई में 13 साल छोटा देवर भाभी संग फंदे पर लटका, 12 साल पहले शादी हुई थी हरदोई में 13 साल छोटे देवर के साथ भाभी ने जान दे दी। शुक्रवार को दोनों फंदे से लटके मिले। महिला के 8 साल के बेटे ने सोकर उठने के बाद खिड़की से झांका तो मां-चाचा के शव लटके दिखे। उसने घरवालों की सूचना पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात कही है, जबकि परिजन इससे इनकार कर रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें 7- लखनऊ में पुलिसवाले सपाइयों को कंधे-गोद में उठाकर ले गए; सड़क पर घसीटा लखनऊ में शुक्रवार को प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस कई कार्यकर्ताओं को गोद में उठाकर ले गई। कुछ को सड़क पर लाकर पटक दिया, घसीटते हुए पुलिस वैन तक ले गई। सभी को ईको गार्डन ले जाया गया। सपाई चुनाव आयोग की प्रतीकात्मक अस्थिकलश यात्रा निकाल रहे थे और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 8- गांधी जयंती पर सीएम योगी ने चरखा चलाया, आगरा में हिंदू महासभा गोडसे का श्राद्ध करने पहुंचा गांधी जयंती पर लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने गांधी आश्रम में चरखा चलाया। सीएम ने कहा- चरखा सिर्फ चरखा नहीं, बल्कि भारत के स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। इससे पहले गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उधर, आगरा में हिंदू महासभा गोडसे का तर्पण और श्राद्ध करने पहुंचा। पुलिस ने रोका तो हंगामा किया। पूरी खबर पढ़ें 9- ड्यूटी छोड़कर सिपाही विधायक बनने निकला, संतकबीरनगर में प्रचार में जुटा गोरखपुर में सिपाही श्याम सुंदर चौहान ड्यूटी छोड़कर सपा से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा। आरोप है कि वह करीब एक साल तक ड्यूटी से गायब रहा, लेकिन हाजिरी लगती रही। 3 महीने पहले अफसरों को भनक लगी तो सस्पेंड किया। फिर भी वह पुलिस लाइन में हाजिर नहीं हुआ। कहा- वह दलित समाज से है। अखिलेश यादव को CM बनाने के लिए सक्रिय है। पूरी खबर पढ़ें 10- संत प्रेमानंद से दीक्षा लेकर 16 साल का लड़का लापता, आश्रम के बाहर धरने पर मां-बाप हाथरस से 3 महीने से लापता 16 साल के युवक के परिजन शुक्रवार को वृंदावन में केली कुंज आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों के मुताबिक, सादाबाद के बारामई खेड़ा गांव निवासी अनुज चौधरी ने करीब 3 महीने पहले आश्रम में प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। इसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटा। परिजन बोले- जब तक अनुज नहीं मिलता, वे वहां से नहीं हटेंगे। पूरी खबर पढ़ें 11- BJP पार्षद की युवक-युवती ने 30 सेकेंड में चुराई बाइक, गोरखपुर में लेकर भागे गोरखपुर में भाजपा पार्षद की बाइक चोरी का वीडियो सामने आया है। CCTV में एक युवक और युवती बाइक चोरी करते दिख रहे हैं। युवक काली टी-शर्ट और जींस में था, जबकि युवती काले रंग का चमकदार सूट पहने थी। दोनों पार्षद के ऑफिस के पास पहुंचे। युवक ऑफिस के पास खड़ी बाइक पर बैठा। 30 सेकंड में स्टार्ट कर युवती को बैठाया और तेज रफ्तार में फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें 12- लखनऊ में मां की हत्या के लिए ऑनलाइन रिंच मंगाई, टच करने पर गुस्सा करता लखनऊ में मां की हत्या के मामले में पुलिस ने 17 साल के लड़के को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, उसने हत्या के लिए ऑनलाइन मास्टर रिंच व पेपर स्प्रे मंगाया था। डायरी में AI की मदद से हत्या का प्लान भी लिखा था। पुलिस जांच में सामने आया कि लड़के को माता-पिता की रोक-टोक पसंद नहीं थी। उसे लड़कियों की तरह कपड़े पहनने और सजने का शौक भी था। पूरी खबर पढ़ें 13- एशियन गेम्स में मेडल जीतने पर रोहित का भव्य स्वागत, 100 गाड़ियों से विजय जुलूस जौनपुर के एथलीट रोहित यादव के एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतकर लौटने पर शुक्रवार को भव्य स्वागत किया गया। जापान के नागोया में हुए 20वें एशियाई खेलों में रोहित ने जेवलिन थ्रो में कांस्य पदक जीता है। वह सुबह वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से करीब 15 किलोमीटर लंबा रोड शो शुरू हुआ। 100 गाड़ियों के साथ उनका विजय जुलूस निकला। जगह-जगह स्वागत हुआ। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है... 14- जेल में अनोखी शपथ, आत्महत्या न करने की कसम खिलाई सुल्तानपुर के जिला जेल में कैदियों को अनोखी शपथ दिलाई गई। जिला जज और पुलिस कप्तान जेल परिसर में पहुंचे। कैदियों को एक जगह जुटाया गया। फिर इन लोगों ने कैदियों को आत्महत्या जैसे विचारों से सचेत रहने की सलाह दी। इसके बाद उनको शपथ दिलाई गई कि कोई भी बंदी ऐसा कदम नहीं उठाएगा। कल कैसा रहेगा मौसम... 15- बारिश का अलर्ट 3 अक्टूबर को भी हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, हरदोई, बरेली, मैनपुरी और प्रयागराज समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की आशंका है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)