यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:शाह बोले- योगी ने गुंडागर्दी नेस्तनाबूद की; चलती कार में मैंनेजर का सुसाइड; मेयर बोलीं- गाली खाने को तैयार रहें अफसर
नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन को लेकर है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1- शाह बोले- योगी ने सपा की गुंडागर्दी नेस्तनाबूद की, सारे माफिया साफ हो गए नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन करने पहुंचे अमित शाह ने सीएम योगी की तारीफ की। कहा- योगी सरकार ने सपा-बसपा की गुंडागर्दी को नेस्तनाबूद कर दिया। सारे माफिया समाप्त हो गए। सपा-बसपा के शासन में अपराध की इंडस्ट्री चलती थी। कट्टा-तमंचा का कुटीर उद्योग लगता था। इसके पहले दोनों नेताओं ने एक साथ गोल्फ कार्ट में बैठकर ट्रेड शो देखा। पूरी खबर पढ़ें 2- लखनऊ पुलिस से भिड़े कांग्रेसी; CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन लखनऊ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प हो गई। पुलिस ने रोका तो अजय राय सहित दर्जनों बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। बारिश के बीच महिला कार्यकर्ता ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के पोस्टर लेकर प्रदर्शन करती रहीं। उधर, विरोध के बीच ज्ञानेश कुमार का मेरठ और वाराणसी दौरा स्थगित हुआ। पूरी खबर पढ़ें 3- चक्रवात 'अर्नब' से यूपी में मौसम बिगड़ा; 50 शहरों में जोरदार बारिश बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ से यूपी में मौसम बिगड़ गया है। कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत 50 शहरों में जोरदार बारिश हुई। अमेठी में पुलिस जगह-जगह अनाउंस कर रही कि जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें। ललितपुर में जामनी नदी उफान पर आने से पुल डूब गया। तेज बहाव में पेट्रोल टैंकर फंसकर नदी किनारे लटक गया। कई जिलों में स्कूल बंद हुए। पूरी खबर पढ़ें 4- जौनपुर में बैंक मैनेजर ने कार में गोली मारी, दिल के पास सटाकर फायर किया जौनपुर में यूनियन बैंक के मैनेजर दुर्गेश श्रीवास्तव ने चलती कार में गोली मारकर सुसाइड कर लिया। गोली दिल के पास से पीठ को चीरते हुए सीट में जा धंसी। शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया। पुलिस को कार से सुसाइड नोट मिला है। उसमें पत्नी के लिए लिखा- “तुम अपना ख्याल रखना।” लखनऊ के रहने वाले थे। पत्नी ने बताया- वह डिप्रेशन में थे। परिवार में विवाद नहीं था। पूरी खबर पढ़ें 5- कानपुर मेयर अधिकारियों पर भड़कीं, बोलीं- आप IAS हैं, कहें तो पैर छू लूं कानपुर की मेयर प्रमिला पांडेय ने नगर आयुक्त से कहा- “आप IAS अफसर हैं, कहें तो आपके पैर छू लूं, बस सड़क सही करवा दीजिए।” उन्होंने कहा कि 2 लाख वोटों से जिताकर लोगों ने हमें भेजा है, लेकिन खराब सड़कों की वजह से जनप्रतिनिधियों को गालियां खानी पड़ती हैं। हम गालियां खाएंगे तो अफसर भी खाने के लिए तैयार रहें। पूछा- सड़कों का निर्माण क्यों नहीं हो सका। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें... 6- बृजभूषण के खिलाफ महिला पहलवान फिर कोर्ट पहुंचीं, 53 दिन पहले बरी हुए थे महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह और सह-आरोपी विनोद तोमर को बरी किए जाने के फैसले को 4 महिला पहलवानों ने दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में चुनौती दी है। मामले में 26 सितंबर को सुनवाई होगी। 6 महिला पहलवानों ने शिकायत की थी। सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद अप्रैल 2023 में FIR दर्ज हुई थी। 3 अगस्त को उनको बरी किया गया था। पूरी खबर पढ़ें 7- सांसद रविकिशन बोले- अखिलेश यादव की कुंडली में राजयोग नहीं, 2027 भूल जाएं गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने सपा प्रमुख पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अखिलेश की कुंडली में कई साल तक राजयोग नहीं है। 2027 भूल जाएं। वह सपने देख सकते हैं, लेकिन उनके बनाए अंधेरे में जनता नहीं रहना चाहती। जनता ही उनकी कुंडली लिखेगी। दरअसल, अखिलेश यादव ने रायबरेली में कहा था कि जनता के ‘वोट का बुलडोजर’ अब भाजपा पर चलेगा। पूरी खबर पढ़ें 8- बदायूं में बिहार जैसा कांड, प्रेमी को पीटा, प्रेमिका को दौड़ाकर छेड़खानी की यूपी के बदायूं में बिहार के जमुई जैसी घटना सामने आई है। 6-7 युवकों ने जंगल में प्रेमी-प्रेमिका को आपत्तिजनक हालत में पाकर घेर लिया। दोनों को दौड़ाकर उनके साथ मारपीट की। फिर लड़की से छेड़छाड़ करने लगे। डरे-सहमे प्रेमी-प्रेमिका ने छोड़ देने की मिन्नतें की, लेकिन आरोपी नहीं माने। दोनों का वीडियो बनाते रहे। 1,500 रुपए भी छीन लिए। 3 आरोपी अरेस्ट किए गए हैं। पूरी खबर पढ़ें 9- कन्नौज में B.Sc छात्र पर बोलेरो चढ़ाई; आरोपी बोला था- पहचानते नहीं क्या मुझे? “तुम मुझे पहचानते नहीं हो?” की बहस में कन्नौज में बीएससी छात्र की बोलेरो से रौंदकर हत्या कर दी गई। गुरुवार देर रात बहस के बाद आरोपी ने अपने भतीजे से विरोधियों पर बोलेरो चढ़ाने को कहा। भतीजे ने सामने खड़ी एक महिला और छात्र समेत 6 लोगों पर गाड़ी चढ़ा दी। छात्र समेत 6 लोग घायल हो गए। गांव के लोग घायलों को अस्पताल लेकर गए, जहां छात्र की मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें 10- हरदोई में प्रेमी-प्रेमिका ने जान दी, स्टेटस लगाया- फांसी लगा ली, आकर देख लो हरदोई में 14 साल की प्रेमिका और 16 साल के प्रेमी ने फांसी लगाकर जान दे दी। मरने से पहले किशोर ने मोबाइल पर स्टेटस लगाकर लिखा- फांसी लगा ली, देख लो आके। इसी स्टेटस से परिजन को जानकारी हुई। छात्रा गुरुवार दोपहर घर से निकली थी, जबकि किशोर शाम को घर से निकला था। प्रेमिका की मां ने थाने में प्रेमी, उसके माता-पिता समेत 4 लोगों को आरोपी बनाया है। पूरी खबर पढ़ें 11- डिप्टी सीएम की डॉक्टर्स से अपील, बोले- हिंदी में लिखें दवाओं के नाम डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने यूपी में डॉक्टरों से मरीजों की पर्ची पर दवाओं के नाम हिंदी या देवनागरी में लिखने की अपील की है। कहा- इससे मरीज आसानी से समझ सकेंगे कि उन्हें कौन-सी दवा दी गई है। साथ ही भोजपुरी, अवधी और ब्रज जैसी स्थानीय भाषाओं में मरीजों से बात करने को कहा। दीनदयाल उपाध्याय जयंती अवसर पर स्थानीय भाषाओं के इस्तेमाल की अपील की। पूरी खबर पढ़ें 12- भाजपा विधायक छोटेलाल की अंतिम यात्रा में 10 हजार लोग पहुंचे; याद कर रो पड़े सांसद आगरा में भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के अंतिम दर्शन के लिए 10 हजार से ज्यादा लोग उमड़े। छोटे बेटे महेंद्र वर्मा ने उन्हें मुखाग्नि दी। सांसद राजकुमार चाहर उनको याद करते हुए भावुक हो गए और रो पड़े। फतेहाबाद विधायक का गुरुवार रात में नोएडा के एक हॉस्पिटल में निधन हो गया था। 73 साल के वर्मा को कई दिनों से बुखार था। शुक्रवार सुबह पार्थिव शरीर गांव पहुंचा। पूरी खबर पढ़ें 13- 'सर, आप मत जाइए'...टीचर से लिपटकर रोए बच्चे, सोनभद्र में तबादले पर भावुक हुए छात्र सोनभद्र में सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक राजकमल यादव के ट्रांसफर पर बच्चे फूट-फूटकर रोने लगे। बोले- “सर, आप मत जाइए…।” रोकने के लिए स्कूल का मुख्य गेट बंद कर दिया। लिपटकर रोते हुए प्रधानाध्यापक से न जाने की जिद करने लगे। बच्चों का यह लगाव देखकर राजकमल भी भावुक हो गए। उन्होंने बच्चों को गले लगाया और मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है... 14- 105 सेकंड में 500 तरह के रायते बनाए, विश्व रायता महोत्सव में बना रिकॉर्ड लखनऊ के नाम एक और उपलब्धि जुड़ी है। यहां की बेटी श्रद्धा हाजेला ने 1 मिनट 45 सेकंड में 500 तरह के रायते बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। श्रद्धा सहित 100 शेफ ने यह उपलब्धि मिलकर हासिल की। यह रिकॉर्ड ‘लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज किया गया है। दरअसल, मुजफ्फरनगर के एक होटल में आयोजित सबसे बड़े रायता महोत्सव में यह रिकॉर्ड बना है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास... 15- यूपी के 32 जिलों में बाढ़ का अलर्ट 26 सितंबर को यूपी के लखनऊ, कानपुर, बलिया, गाजीपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर सहित 32 जिलों में आकस्मिक बाढ़ की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को नदियों से दूरी बनाए रखने और सुरक्षित जगह रहने की सलाह दी है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)