रांची में मौसम खराब, दो फ्लाइट वाराणसी डायवर्ट:पुणे वाली में शव भी था; 379 यात्री वाराणसी पहुंचे, 64 ने यात्रा रद्द की
रांची में शुक्रवार को मौसम अचानक खराब हो गया। दृश्यता कम होने के कारण कुछ समय तक रांची एयरपोर्ट पर विमानों की लैंडिंग नहीं हो पाई। इस दौरान पुणे और दिल्ली से रांची जा रही इंडिगो की दो फ्लाइट को वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। दोनों विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरे। इनमें कुल 379 यात्री सवार थे। इंडिगो की फ्लाइट 6E 6484 पुणे से रांची जा रही थी। रांची में मौसम ठीक नहीं होने पर पायलट ने वाराणसी एटीसी से संपर्क किया। अनुमति मिलने के बाद विमान को वाराणसी भेज दिया गया। सुबह करीब 9:15 बजे विमान 163 यात्रियों और सात क्रू सदस्यों के साथ वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरा। लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान से उतार दिया गया और उनका सामान भी उपलब्ध कराया गया। एयरलाइन ने यात्रियों को रांची पहुंचाने के लिए सड़क मार्ग और दूसरी उड़ानों से भेजने की व्यवस्था शुरू की। यात्री चले गए लेकिन शव विमान में ही रहा इसी विमान में एक शव भी रांची ले जाया जा रहा था। सूत्रों के मुताबिक, शव गोवा से कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए पहले पुणे पहुंचा था और वहां से रांची भेजा जा रहा था। शव लेने के लिए परिजन रांची एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे थे। यात्रियों को सड़क मार्ग से रांची भेज दिया गया, लेकिन शव विमान में ही रहा। विमान के वापस पुणे जाने और वहां से शनिवार को शव को रांची पहुंचाए जाने की बात संबंधित लोगों द्वारा बताई गई है। दिल्ली वाली फ्लाइट में अर्जुन मुंडा भी सवार थे इंडिगो की दूसरी फ्लाइट 6E 6370 दिल्ली से रांची जा रही थी। मौसम खराब होने के कारण इसे भी वाराणसी डायवर्ट किया गया। सुबह करीब 10:16 बजे विमान 216 यात्रियों और छह क्रू सदस्यों के साथ वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा। इस फ्लाइट में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा भी सवार थे। करीब 12:40 बजे विमान वाराणसी से रांची के लिए रवाना हुआ। इस विमान में सवार 216 यात्रियों में से 64 यात्री वाराणसी ही उतर गए। बचे हुए यात्री विमान से रांची गए। वाराणसी एयरपोर्ट पर विमान उतरने के बाद दोनों विमानों के यात्रियों को जरूरी सुविधाएं दी गईं। एयरलाइन की ओर से यात्रियों को नास्ता आदि का प्रबंध किया गया। एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि एक विमान चला गया जबकी दूसरे विमान के यात्रियों को सड़क मार्ग से भेजा गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)