यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:अखिलेश की हिरासत पर भड़के सपाई, मायावती बोलीं- आकाश को निकालकर गलती की, महिला सिपाही ने नहीं दिया 10 रुपए किराया
आज की सबसे बड़ी खबर प्रदेशभर में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन से जुड़ी है। वहीं, दूसरी खबर राज्यसभा के लिए भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन को लेकर है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1. अखिलेश हिरासत में, यूपी में सड़कों पर उतरे सपाई, आगरा में पुलिसवाले ने थप्पड़ मारे; लखनऊ में सड़क पर घसीटा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में 19 विपक्षी पार्टियों के मार्च को पुलिस ने रोक दिया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया। इसके विरोध में मंगलवार को प्रदेशभर में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। गोरखपुर में सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और वोट चोर इस्तीफा दो के नारे लगाए। पूरी खबर पढ़ें… 2. ज्ञानेश कुमार की मां बोलीं- राक्षसों ने घर गंदा किया, आगरा में कांग्रेसियों ने दीवार पर 'वोट चोर' लिखा था आगरा में मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक घर का शुद्धिकरण किया गया। उनकी 76 वर्षीय मां सत्यवती ने कहा- 28 सितंबर को कुछ राक्षस प्रवृत्ति के लोग घर के बाहर आए थे। उन्होंने घर को गंदा किया था। अब घर को शुद्ध किया जा रहा है। घर के बाहर जुटी अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा की महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। पूरी खबर पढ़ें… 3. प्रियंका रावत ने योगी के पैर छूकर नामांकन किया, भाजपा के 8 प्रत्याशियों ने राज्यसभा का पर्चा भरा यूपी राज्यसभा चुनाव में भाजपा के 8 प्रत्याशियों ने मंगलवार को नामांकन दाखिल कर दिया। बाराबंकी की पूर्व सांसद प्रियंका रावत, श्रुति गंगवार और गोपीकृष्ण पांडेय ने सीएम योगी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। सबसे पहले धर्मपाल सिंह और सबसे आखिर में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार ने पर्चा दाखिल किया। पूरी खबर पढ़ें… 4. अखिलेश पीछे हटे, कहा- निगाहें 3 नहीं, 403 पर, राजभर का तंज- हो गया टांय-टांय फिस्स यूपी में राज्यसभा चुनाव के लिए सपा अपना तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारेगी। अखिलेश यादव ने 'X' पर लिखा- अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, 403 पर है। इससे पहले अखिलेश ने कहा था कि अगर हमारे नंबर पूरे हुए तो हम तीसरा उम्मीदवार उतारेंगे। अगर ऐसा होता विजेता का फैसला वोटिंग के जरिए होता। इस पर मंत्री राजभर ने टांय-टांय फिस्स बोलकर तंज कसा। पूरी खबर पढ़ें… 5. मायावती बोलीं- भतीजे आकाश को ससुर ने बिगाड़ा, गलती का एहसास हुआ इसलिए वापस लिया बसपा सुप्रीमो मायावती ने भतीजे आकाश को फिर से पार्टी में वापस लेने के फैसले पर सफाई दी है। उन्होंने कहा- आकाश को शादी से पहले कभी पार्टी से नहीं निकालना पड़ा। शादी के बाद ससुर अशोक सिद्धार्थ ने आकाश को बरगलाया। स्वार्थ के लिए आकाश की छवि खराब करने की कोशिश की। आकाश को सुधारने के लिए कई बार पार्टी से अलग करना पड़ा। पूरी खबर पढ़ें… अब 8 अहम खबरें… 6. बृजभूषण से समर्थक बोला- सपने में आपका चुनाव चिन्ह साइकिल देखा, पूर्व सांसद हंसते हुए बोले- भक्क गोंडा में भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह से मिलने मंगलवार को उनका एक समर्थक आवास पर पहुंचा। बृजभूषण ने हाल पूछा तो उसने कहा, मैंने कल रात में सपना देखा कि उनका चुनाव चिह्न साइकिल है। इतना सुनते ही बृजभूषण हंस पड़े और ‘भक्क’ कहते हुए आगे बढ़ गए। उनके साथ मौजूद लोग भी ठहाका लगाने लगे। इसका वीडियो भी सामने आया है। पूरी खबर पढ़ें… 7. कॉमेडियन को पकड़ने आधी रात दीवार कूदकर पहुंची सुल्तानपुर पुलिस, इंस्पेक्टर बोला- मेरी पावर समझ नहीं रहे सुल्तानपुर में अवधी गायक और कॉमेडियन संजय यदुवंशी को पकड़ने के लिए पुलिस सोमवार आधी रात उनके घर पहुंची। गेट पर ताला लगा था, तो पुलिसकर्मी दीवार फांदकर अंदर घुसे, लेकिन संजय घर पर नहीं मिले। घरवालों से पुलिसकर्मियों की तीखी बहस हो गई। इंस्पेक्टर भड़क गए। उन्होंने घरवालों से कहा एक इंस्पेक्टर की पावर समझते नहीं हो तुम लोग। पूरी खबर पढ़ें… 8. लखनऊ एयरपोर्ट के लेबर कैंप में आग, प्लास्टिक से बने 17 कमरे जले, जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से कूदा मजदूर लखनऊ एयरपोर्ट परिसर में बने लेबर कैंप में मंगलवार सुबह 6:30 बजे आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में तीन मंजिला बिल्डिंग जल गई। तुरंत फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां पहुंचीं। एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। घटना में एक आग की चपेट में आने से झुलस गया, जबकि, दूसरा मजदूर सेकंड फ्लोर से कूदने की वजह से चोटिल हुआ। पूरी खबर पढ़ें… 9. गाजियाबाद में एयरफोर्स डे से पहले रिहर्सल, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर तिरंगा लेकर उड़ा हेलिकॉप्टर 8 अक्टूबर को एयरफोर्स डे है। गाजियाबाद में इससे पहले मंगलवार को एयरफोर्स की ओर से हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर रिहर्सल हुई। सुबह करीब 8 बजे शुरू हुई जो दोपहर 12 बजे तक चली। जिसमें एयरफोर्स के जवानों की आठ टुकड़ियां शामिल हुई। इनमें एक फ्लाइट लीडर समेत 35 जवान थे। पहली बार महिला एयरफोर्स कर्मी ने थ्री नॉट थ्री ड्रिल को लीड किया। पूरी खबर पढ़ें… 10. अयोध्या के जिला अस्पताल में मरीज को 200 मीटर घसीटा, 2 दिन से लावारिस वार्ड में भर्ती था अयोध्या जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज को अस्पताल परिसर में जमीन पर 200 मीटर तक घसीटा गया। एक युवक ने मरीज के दोनों हाथ पकड़कर फर्श पर घसीटा। घटना सोमवार दोपहर 1 बजे की है, जिसका वीडियो मंगलवार को सामने आया। मामले में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह ने कहा- मरीज को घसीटने वाला हमारे अस्पताल का स्टाफ नहीं है। पूरी खबर पढ़ें… 11. लखनऊ में लेटे हनुमानजी डूबे, गर्भगृह में 13 फीट पानी, 20 साल बाद ऐसे हालात; उन्नाव में एक की मौत यूपी में पहाड़ों पर हुई बारिश से 10 नदियां उफान पर हैं। लखनऊ और सीतापुर समेत 7 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार 8वें दिन बढ़ रहा है। फैजुल्लागंज इलाके के 40 हजार घरों में 5 से 6 फीट तक पानी भर गया है। लेटे हनुमानजी के गर्भगृह में करीब 13 फीट तक पानी भर गया है। 20 साल बाद पहली बार ऐसे हालात बने हैं। पूरी खबर पढ़ें… 12. इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में छात्रों का चक्काजाम, फीस बढ़ोतरी और सीटें घटाने को लेकर मार्च निकाला इलाहाबाद विश्वविद्यालय में मंगलवार को छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया। छात्र विश्वविद्यालय के मेन गेट पर पहुंचे और चक्काजाम कर कैंपस में मार्च निकालते हुए नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि फीस वृद्धि, पाठ्यक्रमों में सीटों की कटौती, निलंबित छात्रों की बहाली और विश्वविद्यालय की बुनियादी सुविधाओं में सुधार लाया जाए। पूरी खबर पढ़ें… 13. गोरखपुर में अंशुमान सिंह के समर्थन में आया क्षत्रिय समाज, थप्पड़कांड के बाद 2 हजार लोग सड़क पर उतरे गोरखपुर में सपा नेताओं के बीच थप्पड़ कांड अब जातिगत मोड़ लेता जा रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी के पक्ष में निषाद समाज के लामबंद होने के बाद अब क्षत्रिय समाज भी एकजुट होने लगा है। मंगलवार को बांसगांव में 2 हजार से अधिक लोगों ने सड़कों पर उतरकर नारेबाजी की। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह की ओर से एसडीएम को ज्ञापन दिया गया। पूरी खबर पढ़ें… खबर जो हटकर है… 14. महिला कॉन्स्टेबल ने नहीं दिया ई-रिक्शा का किराया, ड्राइवर बोला- इसीलिए कोई नहीं बैठाता कानपुर में एक महिला कॉन्स्टेबल ने ई-रिक्शा चालक को किराया नहीं दिया। चालक ने किराया मांगा तो वह भड़क गया। इस पर कॉन्स्टेबल ने कहा- थाने ले चलिए, वहीं किराया दे देंगे। वहीं, चालक ने जवाब दिया- आपके 10 रुपए के लिए हम थाने के चक्कर लगाएं? इसी वजह से कोई ई-रिक्शा चालक पुलिसवालों को नहीं बैठाना चाहता। पूरी खबर पढ़ें… जानिए, कल क्या रहेगा खास… 15. 7 अक्टूबर को वाराणसी के जगतपुर में सीएम योगी की बड़ी रैली है। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा मौजूद रहेंगे। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)