'यूपी में दंगा किया तो बाप-दादाओं की कमाई भी जाएगी':बरेली में तौकीर रजा पर साधा निशाना, योगी बोले-दंगाई जेल में उर्स मना रहे
बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दंगा करने वालों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा- अब उत्तर प्रदेश में दंगा किया तो बाप-दादाओं की कमाई से भी हाथ धोना पड़ेगा। 2017 से पहले बरेली में पर्व-त्योहार आते ही दंगे होते थे। अब दंगा करने वाले जेल में उर्स मना रहे हैं। उनका इशारा मौलाना तौकीर रजा की ओर था। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी की पहचान अब उपद्रव से नहीं, उत्सव से है। योगी मंगलवार को बरेली क्लब ग्राउंड में शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में शिक्षक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षक सिर्फ सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र और युग निर्माता हैं। उनके सम्मान और स्वास्थ्य की चिंता करना सरकार की जिम्मेदारी है। 2017 से पहले शिक्षा व्यवस्था खराब थी, लेकिन शिक्षकों ने शिक्षा की ज्योति बुझने नहीं दी। सपा सरकार में रिश्तेदारों को मिलती थीं नियुक्तियां सीएम योगी ने कहा कि 2017 में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग में 1.60 लाख से ज्यादा पद खाली थे। सरकार ने साढ़े छह साल में इतने ही शिक्षकों की पारदर्शी तरीके से भर्ती की। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में चयन बोर्ड में परिवार और रिश्तेदारों को बैठाकर भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित किया जाता था। अब योग्य युवाओं को बिना भेदभाव नौकरी मिल रही है। उन्होंने कहा कि पहले परीक्षाओं के परिणाम के लिए छह महीने इंतजार करना पड़ता था। अब मुख्य परीक्षा 14 दिन में और उसके अगले 14 दिन में परिणाम घोषित करने की व्यवस्था की गई है। शिक्षकों को कैशलेस इलाज और बीमा कवर मुख्यमंत्री ने कहा कि बेसिक, माध्यमिक, उच्च शिक्षा और स्ववित्तपोषित संस्थानों के शिक्षकों को कैशलेस इलाज की सुविधा दी गई है। शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइये भी इससे जुड़े हैं। माध्यमिक शिक्षकों को 80 लाख से डेढ़ करोड़ रुपए तक का बीमा कवर दिया गया है। रसोइयों को 5 लाख रुपए का कैशलेस स्वास्थ्य कवर और 2 लाख रुपए की सामाजिक सुरक्षा दी गई है। राज्य शिक्षक पुरस्कार की राशि और पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों की संख्या भी बढ़ाई गई है। गांव के बच्चों को स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी योगी ने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार के जरिए स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और अटल टिंकरिंग लैब से ग्रामीण बच्चों को आधुनिक तकनीक से जुड़ने का मौका मिल रहा है। सरकार की कोशिश है कि गांव के बच्चों को भी अच्छी शिक्षा और तकनीकी सुविधाएं मिलें। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार में मुख्यमंत्री आवास पर गरीबों और शिक्षकों के बजाय गैंगस्टर, दंगाई और फिरौती वसूलने वाले बुलाए जाते थे। उन्होंने कहा कि अब माफिया पर कार्रवाई होती है तो सपा नेताओं को परेशानी होती है। योगी ने बरेली की नाथ नगरी के रूप में पहचान का जिक्र किया। साथ ही संभल के 68 तीर्थों और 19 कूपों के पुनर्जीवन की बात कही। साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ साल में प्रदेश के साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। इस दौरान प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय तीन गुना बढ़ी है। उन्होंने बताया कि शाहजहांपुर में स्वामी सुखदेवानंद और मुरादाबाद में गुरु जंभेश्वर के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं। भदोही और कुशीनगर में भी विश्वविद्यालय दिए गए हैं। सरकार हर जिले में विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। 23 अक्टूबर को शिक्षक मतदाताओं को मिलेगा अवकाश योगी ने कहा कि 23 अक्टूबर को शिक्षक मतदाताओं को मतदान के लिए अवकाश मिलेगा। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को जिताने की अपील की। उन्हें सरदार के साथ असरदार बताते हुए मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से समर्थन मांगा। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव विधानसभा चुनाव से पहले शिक्षित वर्ग में भाजपा की लोकप्रियता का संकेत देगा। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने 6 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। उन्होंने अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देने वाले अखिलेश यादव का भी जिक्र किया। विपक्ष को नहीं दिखता विकास: गुलाब देवी माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने शिक्षकों के हित में कई काम किए हैं। उन्होंने विपक्ष पर विकास कार्यों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को शिक्षकों के लिए सहज उपलब्ध रहने वाला प्रत्याशी बताया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर, अरुण कुमार सक्सेना, संजय गंगवार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी को स्मृति चिह्न भेंट किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)