यूपीपीएससी में न्यायमूर्ति विक्रमनाथ ने योगपीठम का उद्घाटन किया:स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण कर भर्ती में योग्यता पर जोर दिया

Oct 19, 2026 - 18:33
0
यूपीपीएससी में न्यायमूर्ति विक्रमनाथ ने योगपीठम का उद्घाटन किया:स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण कर भर्ती में योग्यता पर जोर दिया
सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने सोमवार को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग परिसर में आदित्य पतंजलि योगपीठम का उद्घाटन किया और स्वामी विवेकानंद की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया। आयोग के इतिहास में पहली बार सुप्रीम कोर्ट के किसी सेवारत न्यायमूर्ति का आधिकारिक दौरा हुआ। इस मौके पर उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में योग्यता और निष्पक्षता को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि चयन में व्यक्तिगत पहचान नहीं, केवल पात्रता को मान्यता मिलनी चाहिए। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने कहा कि अदालत में प्रभाव या सत्ता नहीं, साक्ष्य और तर्क बोलते हैं। इसी तरह भर्ती में किसी की पहचान या अनुग्रह नहीं, बल्कि योग्यता निर्णायक होनी चाहिए। आयोग केवल परीक्षाएं आयोजित नहीं करते, बल्कि योग्य लोकसेवकों का चयन कर सुशासन की नींव रखते हैं। एक नियुक्ति का असर आने वाले दशकों तक रहता है। उन्होंने आयोग की चयन प्रक्रिया और पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि निष्पक्षता केवल होनी ही नहीं चाहिए, बल्कि दिखाई भी देनी चाहिए। न्यायपालिका और चयन संस्थाओं का आधार लोक विश्वास आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत ने कहा कि न्यायपालिका और चयन संस्थाओं के कार्यक्षेत्र अलग हैं, लेकिन दोनों का मूल आधार लोक विश्वास है। न्यायपालिका नागरिकों को न्याय का भरोसा देती है, जबकि चयन संस्थाएं समान अवसर सुनिश्चित करती हैं। योग और सांस्कृतिक विरासत को मिला नया केंद्र आदित्य पतंजलि योगपीठम में सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं और भारत के नोबेल पुरस्कार विजेताओं के योगदान को प्रदर्शित किया गया है। न्यायमूर्ति ने बोधि संगम, कल्पवृक्ष संग्रहालय और हल्दीघाटी शौर्य स्थल का भी निरीक्षण किया। बोधि संगम अभ्यर्थियों के आत्मचिंतन के लिए विकसित किया गया है, जबकि कल्पवृक्ष संग्रहालय का इतिहास 1868 से जुड़ा है। आयोग के सदस्य मेजर जनरल (डॉ.) मनोज कुमार ने आधुनिक कार्यप्रणाली और पारदर्शी प्रक्रियाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया। आयोग के वरिष्ठतम सदस्य डॉ. एके वर्मा ने आभार जताया। कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति अशोक भूषण, इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति राहुल चतुर्वेदी, अजीत सिंह, राजीव लोचन मेहरोत्रा आदि मौजूद रहे। 12 आवासों का लोकार्पण, आठ कर्मचारी सम्मानित न्यायमूर्ति विक्रम नाथ ने वृंदावन ऑफिसर्स आवास के 12 नवनिर्मित आवासों का लोकार्पण और आयोग के आधिकारिक कैलेंडर का विमोचन किया। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आठ अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें अनुसचिव ओंकारनाथ सिंह, वरिष्ठ अनुसेवक प्रेम चंद्र मौर्य, निजी सचिव श्रीनाथ, अनुभाग अधिकारी प्रकाश चंद्र सिंह, दिनेश प्रताप पांडेय, रमेश कुमार भारती, समीक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह तथा वरिष्ठ अनुसेवक फूल चंद्र शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User