यूथ सम्मेलन में बोले कुणाल: चुनाव आयोग भाजपा का संगठन:वोट चोरी से वोट डकैती पर उतरी सरकार, 2027 चुनाव में उड़ेंगे भाजपा के परखच्चे

Sep 28, 2026 - 14:07
0
यूथ सम्मेलन में बोले कुणाल: चुनाव आयोग भाजपा का संगठन:वोट चोरी से वोट डकैती पर उतरी सरकार, 2027 चुनाव में उड़ेंगे भाजपा के परखच्चे
"चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं रहा, वह भारतीय जनता पार्टी के अनुषांगिक संगठन के रूप में काम कर रहा है। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं और मौजूदा सरकार अब वोट चोरी से आगे बढ़कर खुलेआम वोट डकैती करने लगी है।" यह तीखा हमला अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं यूपी युवा कांग्रेस सह-प्रभारी कुणाल चौधरी ने बरेली में मीडिया से बातचीत करते हुए बोला। बरेली के सिविल लाइंस स्थित होटल हवेली में यूथ कांग्रेस की पश्चिमी यूपी समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पश्चिमी यूपी के 26 जिलों के जिलाध्यक्ष और पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी पहुंचे है। चुनाव आयोग पर उठ रहे सवाल, भाजपा के पेट में दर्द क्यों? कुणाल चौधरी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि जब चुनाव आयोग पर सवाल उठते हैं, तो जवाब आयोग को देना चाहिए, लेकिन बचाव में मुख्यमंत्री और भाजपा क्यों उतर आते हैं? उन्होंने कहा कि पिछले 10 महीनों में चुनाव आयुक्तों के फैसलों पर 14 से अधिक आपत्तियां दर्ज हुई हैं और फैसलों में 'अनकंस्टीट्यूशनल' व 'इलीगल' जैसे शब्दों का जिक्र आया है। संसद में 140 सांसदों को सस्पेंड करके ऐसा कानून पास कराया गया ताकि चुनाव आयुक्तों की कोई जवाबदेही तय न हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में 50-60 लाख वोट काटे गए, जिन्हें बाद में कोर्ट के दखल पर जोड़ा गया। अब एसडीएम या तहसीलदार नहीं, बल्कि दिल्ली बीजेपी दफ्तर से तय किया जाता है कि कौन वोट देगा और किसका नाम कटेगा। स्मार्ट सिटी में जलभराव, किसानों को मिले 40 हजार प्रति हेक्टेयर मुआवजा बरेली के हालात पर बोलते हुए कुणाल चौधरी ने कहा कि बरेली को स्मार्ट सिटी का नाम दिया गया, लेकिन बारिश होते ही पॉश कॉलोनियों और जजों के आवासों में पानी भर जाता है और पाइप लगाकर पानी निकालना पड़ता है। उन्होंने हालिया बारिश से धान और गन्ने की फसलों को हुए भारी नुकसान का मुद्दा उठाते हुए सरकार से 30 से 40 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर मुआवजे की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को एमएसपी तक नहीं दे पा रही है, आलू, गेहूं और धान का किसान लगातार घाटा सह रहा है। 2 करोड़ रोजगार का वादा था, अब पकौड़े और ऑटो की सलाह दे रहे बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर घेरते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्ता में आने से पहले हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था। अब जब युवा सवाल पूछ रहे हैं, तो उन्हें यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ऑटो चलाने और पकौड़े तलने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार में नागरिक अपनी पूंजी और मेहनत लगाता है, उसमें सरकार का क्या योगदान है जब पेट्रोल-डीजल और बिजली लगातार महंगी की जा रही है? 2027 चुनाव को लेकर फूंका बिगुल, आंधी में उड़ जाएंगे बीजेपी के परखच्चे 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत से जमीन पर उतर चुका है। उन्होंने कहा कि देश में एक कहावत है—'तीन सिपाही और चौथौ घोड़ा, सब ठाठ धरे रह जाएंगे।' 2027 में जनता की ऐसी आंधी चलेगी कि भाजपा के परखच्चे उड़ जाएंगे। अखिलेश यादव और सपा के साथ तालमेल पर उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति और संविधान पर हो रहे हमलों के खिलाफ सभी विपक्षी दल एक साथ हैं और सीटों का फैसला आलाकमान करेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User