अयोध्या से जगन्नाथ पुरी तक सीधी ट्रेन की मांग:संतों ने सांसद अवधेश प्रसाद को सौंपा ज्ञापन, बोले -दोनों धार्मिक नगरों के बीच रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सुविधा
अयोध्या से जगन्नाथ पुरी के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग तेज हो गई है। श्री रामेष्ट धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में संतों के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को सपा सांसद अवधेश प्रसाद से मुलाकात की। संतों ने सांसद को ज्ञापन सौंपकर अयोध्या से जगन्नाथ पुरी के लिए सीधी रेल सेवा शुरू कराने की मांग की। संतों ने कहा कि अयोध्या और जगन्नाथ पुरी देश के प्रमुख धार्मिक तीर्थस्थलों में शामिल हैं। दोनों धार्मिक नगरों के बीच सीधी ट्रेन नहीं होने से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान ट्रेनों को बदलना पड़ता है। यदि अयोध्या से पुरी के लिए सीधी ट्रेन शुरू होती है तो उत्तर प्रदेश समेत आसपास के राज्यों के श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी। रेल मंत्री को पत्र लिखने का दिया भरोसा संतों के अनुरोध पर सांसद अवधेश प्रसाद ने रेलवे चेयरमैन से बातचीत करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अयोध्या से जगन्नाथ पुरी के लिए सीधी ट्रेन चलाने के संबंध में रेल मंत्री को पत्र भी लिखा गया है। सांसद ने कहा कि इस मामले को रेलवे स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। अवधेश प्रसाद ने बताया कि उन्होंने जगन्नाथ पुरी के सांसद से भी इस संबंध में बातचीत की है। उनके मुताबिक जगन्नाथ पुरी के सांसद रेलवे बोर्ड के सदस्य भी हैं। ऐसे में दोनों धार्मिक स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू कराने के प्रस्ताव को रेलवे के समक्ष रखा गया है। संतों ने बताई धार्मिक यात्रियों की सुविधा प्रतिनिधिमंडल में शामिल संतों ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी तरह जगन्नाथ पुरी भी लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। दोनों तीर्थस्थलों को सीधी रेल सेवा से जोड़ने से धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधा मिल सकती है। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. देवेषाचार्य, अनिरुद्ध दास, वरुण दास और अमित दास समेत कई संत मौजूद रहे। संतों ने सांसद से मांग पर शीघ्र पहल किए जाने का अनुरोध किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)