युवक को अगवा कर तमंचे से पीटा, बोला-अनर्थ कर दूंगा:कानपुर में पीड़ित ने वीडियो पोस्ट कर मदद मांगी, पांच हिस्ट्रीशीटरों पर FIR
कानपुर के थाना चकेरी के लालबंगला इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर युवक को अगवा कर बंधक बनाने, कट्टे की बट से बेरहमी से पीटने और मरा समझकर नाली में फेंकने का आरोप लगा है। पीड़ित ने रविवार देर रात सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर पुलिस से मदद की गुहार लगाई। मामले में चकेरी पुलिस ने दो थानों के चार हिस्ट्रीशीटर समेत पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा समेत चार धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मसवानपुर निवासी गौरव शुक्ला के मुताबिक, वह अपने दोस्त से मिलने चकेरी के हरजिंदर नगर आया था। आरोप है कि रविवार शाम करीब सात बजे चार हिस्ट्रीशीटर संजय केशरवानी उर्फ कल्लू केला, अमन वर्मा उर्फ आलोक वर्मा, अभिषेक चौबे उर्फ गोलू, गोलू चंदेल और उनका साथी विकास केशरवानी अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गए। आरोपियों ने पीछे से उसकी कमर पर असलहा लगा दिया। विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी और उसे सफीपुर ले जाकर बंधक बना लिया। कट्टे की बट से पीटा, वीडियो बनाकर धमकाया गौरव का आरोप है कि बंधक बनाने के बाद आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा। कमर पर असलहा लगाकर उसका वीडियो बनाया और जेल भिजवाने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक, एक युवक के कहने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से हमला किया। इसके बाद मरा समझकर सड़क किनारे नाली में फेंक दिया और मौके से भाग निकले। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों का चकेरी से बर्रा तक दबदबा है। उन्हें सत्ता पक्ष के नेताओं का संरक्षण प्राप्त होने का भी दावा किया। गौरव के मुताबिक, क्षेत्र में उनके खौफ के चलते लोग शिकायत करने से बचते हैं। उसने घटना के पीछे पुरानी रंजिश को वजह बताया है। वीडियो वायरल होने और तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा समेत चार धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)