युवक ने तहसील की छत से लगाई छलांग:जमीन विवाद में सुनवाई न होने से था नाराज, बोलेरो पर गिरने से गंभीर घायल; ट्रॉमा सेंटर भेजा

Oct 07, 2026 - 15:23
0
युवक ने तहसील की छत से लगाई छलांग:जमीन विवाद में सुनवाई न होने से था नाराज, बोलेरो पर गिरने से गंभीर घायल; ट्रॉमा सेंटर भेजा
फिरोजाबाद के जसराना तहसील परिसर में बुधवार सुबह 11 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन संबंधी विवाद को लेकर अपनी बात रखने पहुंचे युवक ने अचानक तहसील भवन की छत से छलांग लगा दी। नीचे खड़ी बोलेरो पर गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद तहसील में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम ने तत्काल घायल को अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर उसे फिरोजाबाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ग्राम सिरोला निवासी विकास कुमार का ग्राम खुशहाली निवासी महताब सिंह से जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष विवादित जमीन पर अपना-अपना अधिकार जता रहे हैं। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में दोनों पक्षों ने जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम ऋषभ पुंडीर, सीओ प्रेम प्रकाश, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। दोनों पक्षों से जानकारी लेने के साथ ही भूमि से जुड़े साक्ष्य भी देखे गए थे। बुधवार सुबह विकास अपनी पत्नी शिवानी के साथ तहसील पहुंचा था। वह जमीन विवाद में कार्रवाई और अपनी बात अधिकारियों के समक्ष रखने की मांग कर रहा था। आरोप है कि अपेक्षित सुनवाई नहीं होने से वह नाराज हो गया। कुछ देर बाद वह तहसील भवन की छत पर पहुंच गया। इससे पहले कि कोई उसे रोक पाता, उसने नीचे छलांग लगा दी। वह परिसर में खड़ी बोलेरो के ऊपर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के छत से गिरते ही तहसील परिसर में मौजूद लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। सूचना पर एसडीएम ऋषभ पुंडीर भी पहुंचे और घायल को तत्काल सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे फिरोजाबाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर एडीएम ने तहसील पहुंचकर एसडीएम और सीओ प्रेम प्रकाश से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।विकास इससे पहले भी अपनी मांग को लेकर असामान्य कदम उठा चुका है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User