1483 किसानों को मिली 45 लाख की मदद:कानपुर देहात में डीएम और जिला पंचायत अध्यक्ष ने बांटे प्रतीकात्मक चेक, फसल बर्बादी पर मिली राहत

Oct 12, 2026 - 14:28
0
1483 किसानों को मिली 45 लाख की मदद:कानपुर देहात में डीएम और जिला पंचायत अध्यक्ष ने बांटे प्रतीकात्मक चेक, फसल बर्बादी पर मिली राहत
कानपुर देहात में प्राकृतिक आपदा से फसल बर्बादी का सामना करने वाले किसानों को आर्थिक राहत दी गई है। सोमवार दोपहर 2 बजे जिला मुख्यालय में बने मां मुक्तेश्वरी सभागार कक्ष में जिले के 1483 प्रभावित किसानों के बैंक खातों में 45 लाख 94 हजार 526 रुपये की कृषि निवेश अनुदान राशि अंतरित की गई। बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात जैसी आपदाओं से फसल क्षति झेलने वाले किसानों को यह सहायता उपलब्ध कराई गई है। जनपद में आयोजित कृषि निवेश अनुदान राशि अंतरण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी और जिलाधिकारी कपिल सिंह ने प्रभावित किसानों को प्रतीकात्मक चेक और प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान अधिकारियों और किसानों ने गोरखपुर में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 9 लाख से अधिक किसानों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी डीबीटी के माध्यम से कुल 493 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान राशि भेजी गई। इसी क्रम में कानपुर देहात के किसानों को भी राहत राशि उपलब्ध कराई गई। हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसलों को नुकसान होने से किसानों के सामने अगली फसल की तैयारी और खेती में निवेश की चुनौती खड़ी हो जाती है। ऐसे में सरकार की ओर से दी जाने वाली यह आर्थिक सहायता किसानों को बीज, खाद और खेती से जुड़ी अन्य जरूरतों को पूरा करने में मदद कर सकती है। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष और डीएम कपिल सिंह ने किसानों को शासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। प्रशासन के मुताबिक, आपदा प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। अब जिले के 1483 किसानों के खातों में अनुदान राशि पहुंचने से उन्हें खेती के आगामी कार्यों में आर्थिक सहारा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में संबंधित अधिकारी और जनपद के किसान मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User